नाथूसरी चोपटा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक में घुसी बाइक, राजस्थान की महिला की मौत
हरियाणा के सिरसा जिले के नाथुसरी चोपटा में सड़क दुर्घटना में राजस्थान के पदमपुरा गांव की एक महिला की मौत हो गई। बाइक सवार एक महिला और पुरुष घायल हो गए। घायलों को नाथुसरी चोपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के नोहर क्षेत्र के गांव पदमपुरा निवासी करीब 45 वर्षीय मांगेराम अपनी बहन धापा देवी और चाची गोमती को लेकर बाइक पर सवार होकर हरियाणा के हरिपुरा गांव में धोक लगाने के लिए जा रहे थे। नाथुसरी चोपटा से निकलते ही बराच मॉडल स्कूल के पास चोपटा भट्टू रोड पर बाइक ट्रक में जा घुसी।
ट्रक में घुसते ही तीनों सड़क पर गिर गए । उधर चोपटा थाना में कार्यरत कांस्टेबल हनुमान सिंह अपनी ड्यूटी पर आ रहे थे उन्होंने डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। डायल 112 की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को नाथूसरी चोपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जहां पर करीब 60 वर्षीय गोमती देवी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया और उसकी बहन धापा देवी का सीएससी में इलाज जारी है। नाथुसरी चोपटा थाना के एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि चोपटा के पास भट्टू रोड पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बाइक पर राजस्थान के पदमपुरा निवासी मांगेराम उसकी बहन धापा देवी और उनके चाची गोमती देवी सवार थे।
मांगेराम और धापा देवी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है और गोमती देवी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया और उनके परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के बयान पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।