हरियाणा के सिरसा में 28 मार्च से शुरू होगी सरसों की खरीद, जानें अपने पास का नया केंद्र
सिरसा 11 मार्च। रबी सीजन की फसल खरीद को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन के अनुसार जिले में सरसों की सरकारी खरीद 28 मार्च से शुरू होगी। किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो, इसके लिए इस बार खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। जिला में सरसों की खरीद के लिए कुल 16 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें छह मार्केट कमेटी, एक सबयार्ड और नौ अतिरिक्त खरीद केंद्र शामिल हैं। पहले सरसों की खरीद 14 केंद्रों पर होती थी, लेकिन किसानों की मांग को देखते हुए इस बार दो नए केंद्र बढ़ाए गए हैं।
रानियां मार्केट कमेटी और गांव शक्करमंदोरी में नए खरीद केंद्र शुरू किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार सरसा मार्केट कमेटी क्षेत्र में तीन, डबवाली में चार, कालांवाली में तीन, ऐलनाबाद में एक, रानियां में दो और डिंग मंडी में तीन केंद्रों पर सरसों की खरीद होगी। वहीं गेहूं की खरीद के लिए जिले में 68 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। किसानों को मंडियों में भीड़ से बचाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र बनाए गए हैं। इस बार कंवरपुरा में भी नया गेहूं खरीद केंद्र अलाट किया गया है, जिससे आसपास के गांवों के किसानों को सुविधा मिलेगी।
मंडी प्रधान व अधिकारियों ने किया नई मंडी का दौरा
रबी खरीद सीजन में सरसा अनाज मंडी में जगह की कमी को देखते हुए प्रशासन डबवाली-हिसार बाइपास पर बन रही नई मंडी का भी उपयोग कर सकता है। बाइपास पर बन रही संयुक्त मंडी में फर्श और सड़कों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार मार्च माह में इसका कार्य पूरा कर मार्केट कमेटी को सौंप दिया जाएगा।
बुधवार को उपायुक्त के निर्देश पर मंडी प्रधान प्रेम बजाज, मार्केट कमेटी डीएमईओ राहुल कुंडू, सचिव वीरेंद्र मेहता, सह सचिव रामचंद्र और आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नई मंडी का दौरा किया। इस दौरान मंडी प्रधान प्रेम बजाज ने कहा कि आढ़ती एसोसिएशन प्रशासन के साथ है, लेकिन नई मंडी में अभी बैठने की व्यवस्था, पीने का पानी, शौचालय और लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी है। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं के पूरा होने के बाद किसानों की फसल वहां उतारने में कोई परेशानी नहीं होगी।
डीएमईओ राहुल कुंडू ने बताया कि जिले में गेहूं और सरसों की खरीद के लिए केंद्र अलाट किए जा चुके हैं। इस बार सरसों के लिए रानियां और शक्करमंदोरी में नए केंद्र शुरू किए गए हैं, जबकि गेहूं के लिए कंवरपुरा को नया खरीद केंद्र बनाया गया है। खरीद सीजन को देखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं।