सिरसा में किसान पर दर्ज हुई FIR, आखिर क्या है पूरा मामला?

 

सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले में पराली जलाने का पहला मामला सामने आया है। रघुआना गांव में खेत में पराली जलाने के आरोप में एक किसान के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। खास बात यह है कि जिले में अभी धान की कटाई भी 4 प्रतिशत तक नहीं पहुंची है। ऐसे में पराली जलाने का मामला सामने आने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

 रघुआना गांव में खेत में जली मिली पराली

मामला ओढ़ां ब्लॉक के बड़ागुढ़ा क्षेत्र के गांव रघुआना का है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सिरसा कार्यालय की ओर से थाना बड़ागुढ़ा में शिकायत दी गई थी। शिकायत के अनुसार, किसान चंद्रपाल सिंह के खेत में पराली जलाई गई थी।

शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 10 मरले जमीन पर पराली जली हुई मिली। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर किसान चंद्रपाल सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।

 धान की कटाई अभी बहुत कम, फिर कैसे जली पराली?

सिरसा जिले में अभी धान की कटाई का काम शुरुआती दौर में है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, जिले में अब तक 4 प्रतिशत धान की कटाई भी नहीं हुई है। वहीं, गेहूं की बिजाई के लिए भी अभी काफी समय बाकी है।

ऐसे में इस समय पराली जलाने का मामला सामने आना चर्चा का विषय बन गया है। प्रशासन पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी कर रहा है।

 प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शिकायत पर कार्रवाई

थाना बड़ागुढ़ा के हेड कांस्टेबल राजेश कुमार के अनुसार, पुलिस को इस मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर किसान के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई है।