चरखी दादरी छात्रा गैंगरेप-हत्या केस में बड़ा खुलासा: हत्या नहीं सुसाइड था, इंस्टाग्राम के 3 दोस्त गिरफ्तार।
चरखी दादरी/भिवानी: चरखी दादरी के रोज़ गार्डन में बेहोशी की हालत में मिली स्कूली छात्रा की मौत मामले में पुलिस ने एक बड़ा और सनसनीखेज खुलासा किया है। परिजनों द्वारा लगाए गए गैंगरेप और जहर देकर हत्या करने के आरोपों के उलट, पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने सुसाइड किया था। इस मामले में पुलिस ने इंस्टाग्राम के जरिए दोस्त बने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
बीती 24 फरवरी को बाढड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली स्कूली छात्रा दादरी के रोज गार्डन में संदिग्ध और बेहोशी की हालत में मिली थी। गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई (Rohtak PGI) रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि छात्रा के साथ गैंगरेप किया गया है और उसे जहर देकर मारा गया है।
इंस्टाग्राम की दोस्ती और दादरी में मुलाकात
डीएसपी हेडक्वार्टर ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया कि युवती की आरोपियों के साथ इंस्टाग्राम (Instagram) के माध्यम से दोस्ती हुई थी। घटना वाले दिन छात्रा अपने इन्हीं दोस्तों से मिलने के लिए दादरी आई थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, मीडिया परेड करवाई
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहतक के गांव बनियानी निवासी साहिल उर्फ भोंडी, गांव डोभ निवासी पंकज उर्फ भोलू उर्फ साहित और दादरी के गांव मांढी केहर निवासी नवीन के रूप में हुई है। सिटी थाना में पुलिस ने तीनों आरोपियों की मीडिया परेड भी करवाई है। मामले में कई अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
हत्या की धारा सुसाइड में तब्दील, लैब रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने अब तक के मिले सबूतों और जांच के आधार पर मामले में दर्ज हत्या की धारा को हटाकर सुसाइड (आत्महत्या) की धारा में तब्दील कर दिया है। इसके अलावा, परिजनों द्वारा लगाए गए गैंगरेप के आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को विस्तृत जांच के लिए लैब भेज दिया है। रेप हुआ है या नहीं, इसका अंतिम खुलासा लैब रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपियों से रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से परतें खोली जा सकें।