Delhi Murder Case: जुए की लत ने उजाड़ा परिवार, कर्ज में डूबे पिता ने गर्भवती पत्नी और 3 बेटियों को उतारा मौत के घाट
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स ने जुए और सट्टेबाजी की लत के चलते अपने ही हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। भारी कर्ज और एक कर्जदार की धमकी से परेशान होकर आरोपी ने अपनी गर्भवती पत्नी और तीन मासूम बेटियों की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ में उसने जो खुलासे किए हैं, वे रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं।
सट्टेबाजी ने चढ़ाया लाखों का कर्ज
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से बिहार का रहने वाला मुनचुन (आरोपी) अपने परिवार के साथ समयपुर बादली के सिरसपुर स्थित चंदन पार्क में किराए के मकान में रहता था। वह आजादपुर मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था, लेकिन उसे क्रिकेट में सट्टा लगाने और जुए की बुरी लत थी। इसी लत के कारण वह भारी कर्ज में डूब गया। उसने अपने ससुराल वालों से भी 2 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसमें से 60 हजार रुपये मिथिलेश नामक कर्जदार और 40 हजार रुपये एक लहसुन कारोबारी को दिए। बाकी बचे एक लाख रुपये वह जुए में हार गया था।
कर्जदार की धमकी और खौफनाक साजिश
आरोपी मुनचुन के कबूलनामे के मुताबिक, 23 फरवरी को उसके पास मिथिलेश का फोन आया जिसने एक साथ पूरा पैसा लौटाने का दबाव बनाया। जब मुनचुन ने असमर्थता जताई, तो मिथिलेश ने धमकी दी कि वह उसकी पत्नी को गिरवी रख लेगा और बच्चों से घर का काम करवाएगा। इस धमकी से मुनचुन इतना मानसिक तनाव में आ गया कि उसने कर्जदार का नंबर ब्लॉक कर दिया और अपने ही परिवार को खत्म करने का खौफनाक फैसला कर लिया।
90 रुपये का चाकू और कत्ल की वो रात
इस साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपी बाजार से कटहल काटने के बहाने 90 रुपये का एक बड़ा चाकू खरीद कर लाया। वारदात की सुबह करीब चार बजे जब उसकी पत्नी अनीता की नींद खुली और उसने पति के न सोने का कारण पूछा, तो मुनचुन ने चाकू निकालकर पत्नी के गले पर वार कर दिया। दोनों के बीच कुछ देर संघर्ष हुआ। इस बीच शोर सुनकर बड़ी बेटी जाग गई। उसे रोता देख मुनचुन ने उसका भी गला काट दिया और फिर सो रही अन्य दो मासूम बेटियों को भी मौत के घाट उतार दिया। मृतक पत्नी दो महीने की गर्भवती थी, जिससे इस वारदात में कुल पांच जानें चली गईं।
राजस्थान से गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मुनचुन अजमेर की ओर भाग निकला और राजस्थान के किशनगढ़ स्टेशन पर उतर गया। स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) रविंद्र के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस की छह टीमों ने 72 घंटों के भीतर करीब 800 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी को किशनगढ़ से धर दबोचा। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का नाम पहले आदर्श नगर में चोरी के एक मामले में आ चुका है और वह सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें भी पोस्ट करता रहता था। पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।