कागदाना के पास दो अवैध पिस्तौलों के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
चोपटा। सिरसा सीआईए पुलिस ने गांव कागदाना के पास एक युवक को दो अवैध पिस्तौलों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पिस्तौल 32 बोर के हैं। पकड़े गए युवक की पहचान अमित पुत्र रणधीर सिंह निवासी गांव कागदाना के रूप में हुई है।
पुलिस की गाड़ी देखकर निकलने लगा युवक
सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर जिले में अपराध और अवैध कामों पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान सीआईए की टीम नाथूसरी चौपटा से गांव कागदाना की ओर जा रही थी। गांव के पास पुलिस को एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी देखकर युवक वहां से निकलने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 32 बोर के दो अवैध पिस्तौल मिले।
नाथूसरी चौपटा थाने में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों पिस्तौल अपने कब्जे में लेकर युवक के खिलाफ नाथूसरी चौपटा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। अब इस मामले की जांच थाना पुलिस कर रही है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह पिस्तौल कहां से लाया था और उन्हें अपने पास क्यों रखे हुए था।