Karnal News: बीमार मां की जगह काम पर गए 12 साल के मासूम के साथ क्रूरता, चोरी के आरोप में दुकानदार ने मुंडवाया सिर
करनाल: हरियाणा के करनाल जिले से एक बेहद अमानवीय और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के मॉडल टाउन एरिया में एक दुकानदार ने 12 साल के एक मासूम बच्चे पर चोरी का आरोप लगाते हुए सारी हदें पार कर दीं। दुकानदार ने न केवल बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसका सिर मुंडवा दिया और उसे कई घंटों तक बाथरूम में बंद रखा। मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों ने कड़ा विरोध जताया और पुलिस को शिकायत दी है।
बीमार मां की जगह काम पर गया था बच्चा
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्चे की मां मॉडल टाउन एरिया स्थित उसी दुकान पर काम करती है। पीड़ित महिला ने बताया कि शनिवार को उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके कारण वह काम पर नहीं जा सकी। इस पर दुकानदार खुद उसके 12 वर्षीय बेटे को काम करवाने के बहाने अपने साथ दुकान पर ले गया।
शाम को घर लौटने पर हुआ क्रूरता का खुलासा
महिला को इस घटना का पता शाम को तब चला जब उसका बेटा घर लौटा। उसने देखा कि दुकानदार ने बच्चे के साथ मारपीट की है और उसके सिर के बाल पूरी तरह से कटवा (मुंडवा) दिए हैं। बच्चे ने परिजनों को बताया कि उसे घंटों तक बाथरूम में भी बंद रखा गया था। इस अमानवीय व्यवहार से गुस्साए परिजनों ने तुरंत पुलिस का रुख किया।
दुकानदार की सफाई- 'चोरी की थी, गुस्से में हो गई गलती'
मामला तूल पकड़ने के बाद आरोपी दुकानदार ने अपनी सफाई पेश की है। दुकानदार का आरोप है कि बच्चे ने दुकान में चोरी की थी, जिसका पता चलने पर उसने गुस्से में आकर बच्चे के साथ मारपीट की। दुकानदार ने यह भी स्वीकार किया है कि उससे गलती हो गई है।
पुलिस जांच में जुटी, चौकी को लेकर हुआ असमंजस
परिजनों ने शुरुआत में इस मामले की शिकायत सेक्टर-13 पुलिस चौकी में दी थी। हालांकि, घटनास्थल मॉडल टाउन चौकी के अधिकार क्षेत्र में आने के कारण पुलिस ने पीड़ित महिला को मॉडल टाउन चौकी भेज दिया। दूसरी ओर, मॉडल टाउन पुलिस चौकी की इंचार्ज गीता ने बताया कि अभी तक उनके पास यह शिकायत औपचारिक रूप से नहीं पहुंची है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलते ही मामले की गहनता से जांच की जाएगी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।