सिरसा में घर की नौकरानी पर गंभीर आरोप, परिवार को बेहोश कर लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार

 

सिरसा। सिरसा में घर पर काम करने के लिए रखी गई महिला पर परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि महिला अपने दो साथियों के साथ घर में घुसी और परिवार के लोगों को बेहोश करने के बाद सोने के गहने, नकदी और दूसरी कीमती चीजें लेकर फरार हो गई। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिरसा के सेक्टर 19-20 में कारोबारी पंकज खेमका का घर है। यहां करीब 15 से 20 दिन पहले बीनू नाम की महिला को घर के काम के लिए रखा गया था। आरोप है कि शनिवार रात उसने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। परिवार के पालतू कुत्ते को भी ऐसी दवा दी गई, ताकि वह भौंक न सके।

 मां-बेटे को कमरे में बांधकर घर में की तलाशी

बताया गया है कि नशीला पदार्थ खाने के बाद कारोबारी की पत्नी नीतू और उनका दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा वर्धमान बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपियों ने दोनों को कमरे में बांध दिया और घर में रखे कीमती सामान की तलाशी ली।

आरोप है कि आरोपी घर से करीब 80 तोले सोने के गहने, 2 से 3 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान ले गए। इसके बाद वे परिवार की कार लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के समय कारोबारी पंकज खेमका शहर से बाहर थे।

 रात करीब ढाई बजे बेटे को आया होश

घटना का पता रात करीब 2:30 बजे चला। बताया जा रहा है कि बेटे को होश आया तो उसने अपनी मां को जगाया। इसके बाद दोनों ने आसपास के लोगों को सूचना दी। पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घर से जरूरी सबूत जुटाए। जांच के लिए आटे के नमूने भी लिए गए हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि खाने में कोई नशीला पदार्थ मिलाया गया था या नहीं।

 हाईवे के पास मिली कार, आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस को परिवार की कार हिसार हाईवे पर भाऊदीन टोल प्लाजा के पास मिली है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान के बारे में जानकारी मिल सके।

स्थानीय लोगों ने इस घटना की तुलना राम कॉलोनी में हुई चोरी की एक पुरानी वारदात से भी की है। उस मामले में भी घर में काम करने वाली महिला पर शक जताया गया था, लेकिन वह मामला अभी तक सुलझा नहीं था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।