Haryana News: हरियाणा में व्यापारी से 54 लाख रुपये की लूट, सड़क पर लेटा मिला बदमाश; कार रुकते ही दिया वारदात को अंजाम

 

सिवानी:   हरियाणा के भिवानी जिले के सिवानी में बदमाशों ने एक अनाज व्यापारी को निशाना बनाते हुए करीब 54 लाख रुपये लूट लिए। वारदात वीरवार शाम की बताई जा रही है। व्यापारी अपनी कार से सिवानी की तरफ जा रहा था। रास्ते में सड़क पर एक व्यक्ति को लेटा देखकर उसने गाड़ी रोकी, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि यह लूट की साजिश का हिस्सा हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, गांव ढाणी सिल्हांवाली निवासी जय मोहन अपनी वरना कार से सिवानी आ रहे थे। माता मनसा देवी मंदिर के पास रेलवे अंडरब्रिज से आगे NH-52 के नीचे वाले रास्ते पर उन्हें एक व्यक्ति सड़क पर लेटा दिखाई दिया। पास में एक मोटरसाइकिल भी खड़ी थी।

व्यापारी ने कार रोककर नीचे उतरकर देखा तो सड़क पर लेटा व्यक्ति खड़ा हो गया। इसी दौरान दूसरा व्यक्ति भी वहां पहुंच गया। दोनों ने पिस्टल दिखाकर व्यापारी को डराया और कार में रखे करीब 54 लाख रुपये लेकर बाइक से फरार हो गए।

ग्वार खरीदने के लिए ले जा रहे थे 54 लाख रुपये

बताया गया है कि जय मोहन अनाज-दाना व्यापारी हैं और इतनी बड़ी रकम ग्वार खरीदने के लिए लेकर जा रहे थे। वारदात के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में चर्चा फैल गई।

DSP और CIA की टीम ने संभाली जांच

लूट की सूचना मिलते ही DSP सुरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी रिसाल सिंह और CIA की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और व्यापारी के बयान दर्ज किए।

DSP सुरेंद्र सिंह के अनुसार, शुरुआती तौर पर पीड़ित के बयान लिए गए हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।

 बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

करीब 54 लाख रुपये की इस लूट के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब पुलिस के सामने बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ने और लूटी गई रकम बरामद करने की चुनौती है।