सिरसा में दशहरे पर 800 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

 

सिरसा: दशहरे पर सिरसा में रावण दहन और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। लोगों की सुरक्षा और बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिस ने खास तैयारी की है। जिले में करीब 800 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। रावण दहन वाली जगहों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर ड्रोन और CCTV कैमरों से नजर रखी जाएगी।

SP दीपक सहारन ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस चौकी इंचार्ज को अपने-अपने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

बाजारों में जाम से बचने के लिए बदलेगा ट्रैफिक प्लान

दशहरे के दिन बाजारों और मुख्य चौराहों पर लोगों की भीड़ बढ़ सकती है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी तैयारी की है। जरूरत के अनुसार प्रमुख चौराहों पर बैरिकेड लगाए जाएंगे और बड़े वाहनों के रास्ते बदले जा सकते हैं।

पुलिस की कोशिश रहेगी कि बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम में न फंसना पड़े। इसके लिए पुलिस की गाड़ियां, राइडर्स और इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) लगातार गश्त करेंगे।

 सादी वर्दी में भी नजर रखेगी पुलिस

सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी वर्दी के साथ-साथ सादी वर्दी में भी तैनात रहेंगे। खासकर रावण दहन स्थलों, बाजारों और संवेदनशील जगहों पर नजर रखी जाएगी। ड्रोन और CCTV कैमरों की मदद से भीड़ पर निगरानी होगी, ताकि किसी तरह की परेशानी होने पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना जांचे-परखे किसी भी खबर या अफवाह को आगे न भेजें।

 जुआ और अवैध शराब बेचने वालों पर होगी कार्रवाई

SP दीपक सहारन ने साफ किया है कि त्योहार के दौरान जुआ खेलने और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने लोगों से दशहरा शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। अगर किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें। पुलिस का कहना है कि सभी लोग मिलकर त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग करें।