CDLU Admission 2026: सीडीएलयू में दाखिलों की तैयारी तेज: अब मेरिट से नहीं, प्रवेश परीक्षा से होगा से होगा इन कोर्स का दाखिला

 
CDLU Admission 2026: सिरसा स्थित चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंडरग्रेजुएट (यूजी) दाखिलों को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है, जिसके तहत अब विधि विभाग के बीए एलएलबी (BA LLB) पाठ्यक्रम में सीधे अंकों की मेरिट के बजाय प्रवेश परीक्षा के जरिए ही दाखिला मिलेगा। 

गुरुवार को कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में आयोजित दाखिला समिति की एक अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालय ने आगामी सत्र से परिसर में तीन नए तकनीकी और व्यावसायिक कोर्स—बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (BFA), बीएससी योगा और बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (BTech CSE) शुरू करने पर भी अंतिम मुहर लगा दी है। 

कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप शुरू किए जा रहे ये नए पाठ्यक्रम स्थानीय विद्यार्थियों के भविष्य को एक नई दिशा देंगे और उन्हें आधुनिक शिक्षा के लिए महानगरों की तरफ रुख नहीं करना पड़ेगा।

'हैंडबुक ऑफ इंफॉर्मेशन' और कॉलेजों की गाइडलाइन के लिए विशेष कमेटी गठित

इस महत्वपूर्ण बैठक का संचालन शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रोफेसर सुशील कुमार द्वारा किया गया। आगामी दाखिला प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और विद्यार्थी हितैषी बनाने के लिए समिति ने सर्वसम्मति से एक विशेष कमेटी का गठन किया है। यह नई कमेटी सत्र 2026-27 के लिए 'हैंडबुक ऑफ इंफॉर्मेशन' को अंतिम रूप देगी। 

इसके अतिरिक्त, सिरसा और फतेहाबाद जिले में विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी सरकारी और निजी डिग्री कॉलेजों के दाखिलों से संबंधित विस्तृत नियम, निर्देश और गाइडलाइन भी इसी कमेटी द्वारा तैयार की जाएगी, ताकि पूरी प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और एकरूपता बनी रहे।

रैगिंग पर लगेगी सख्त लगाम, छात्रों की सुनवाई के लिए बनी 'ग्रीवेंस कमेटी'

विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए सत्र में दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राओं, विशेषकर दूरदराज से आने वाली लड़कियों को एक सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मुहैया करवाने पर भी विशेष मंथन किया है। परिसर में पूर्ण अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रॉक्टर को 'एंटी रैगिंग कमेटी' तथा 'एंटी रैगिंग स्क्वॉड' के तत्काल गठन के लिए अधिकृत कर दिया गया है। 

इसके अलावा, दाखिला प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को आने वाली किसी भी प्रकार की तकनीकी, पोर्टल संबंधी या दस्तावेजी समस्या के तुरंत समाधान व मार्गदर्शन के लिए एक विशेष 'ग्रीवेंस कमेटी' (शिकायत निवारण समिति) का भी गठन किया गया है। यह कमेटी दाखिलों के दौरान छात्रों की हर समस्या का त्वरित निपटारा करेगी।

बैठक में प्रमुख शिक्षाविद और कॉलेजों के प्राचार्य रहे मौजूद

कुलगुरु कार्यालय में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन और संबद्ध कॉलेजों के कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार, डीन ऑफ कॉलेजिज प्रोफेसर राम मेहर, डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर राजकुमार और डीन यूएसजीएस प्रोफेसर मोहम्मद काशिफ किदवई शामिल हुए। 

इन प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा जमीनी हकीकत पर चर्चा के लिए एमएम कॉलेज फतेहाबाद के प्राचार्य डॉ. गुरचरण, गवर्नमेंट नेशनल कॉलेज सिरसा के प्राचार्य डॉ. शत्रुजीत और डॉ. अनूप सहित विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता भी उपस्थित रहे। आगामी कुछ ही हफ्तों में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इन सभी यूजी कोर्सेज और प्रवेश परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा।