सिरसा के सराकी स्कूलों के 10वीं-12वीं में अगर आए है 80% नंबर तो मां के खाते में आएंगे 2100 रुपये महीना
सिरसा। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में 10वीं और 12वीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे ज्यादा अंक लाने वाले होनहार बच्चों की माताओं के लिए सरकार ने एक बड़ी आर्थिक राहत शुरू की है। 'दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना' के तहत इन बच्चों की माताओं को हर महीने 2100 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने इस योजना को लागू करने के लिए प्रदेश के 148 पीएमश्री (PM-SHRI) और मॉडल संस्कृति स्कूलों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सिरसा जिले के 7, हिसार के 12 और फतेहाबाद के 6 स्कूल शामिल हैं।
सिर्फ 148 खास स्कूलों के बच्चों को मिलेगा फायदा
यह योजना हरियाणा के सभी सरकारी स्कूलों के लिए नहीं है। शिक्षा निदेशालय के आदेशों के अनुसार, यह फायदा केवल उन बच्चों की माताओं को मिलेगा जो हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) या सीबीएसई (CBSE) से मान्यता प्राप्त 148 पीएमश्री और मॉडल संस्कृति स्कूलों में पढ़ रहे हैं। मुख्यालय ने इन स्कूलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को आदेश दिए हैं कि वे तुरंत उन बच्चों की लिस्ट तैयार करें जिन्होंने इस साल बोर्ड परीक्षाओं में 80 फीसदी या इससे ज्यादा नंबर हासिल किए हैं।
17 पॉइंट के फॉर्म से तय होगी पात्रता, ऐसे बनेगी लिस्ट
योजना का पैसा सही हाथों में पहुंचे, इसके लिए निदेशालय ने 17 बिंदुओं का एक विशेष फॉर्म तैयार किया है। इस फॉर्म में होनहार बच्चे का नाम, पता, स्कूल का नाम, प्राप्त अंक और जन्म तिथि जैसी अहम जानकारियां मांगी गई हैं। यह फॉर्म बच्चे के क्लास टीचर और स्कूल मुखिया (Principal) द्वारा चेक और वेरिफाई किया जाएगा। इसके बाद पूरी रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा होगी और वहां से अंतिम लिस्ट राज्य मुख्यालय भेजी जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए माता-पिता क्या करें?
- चूंकि यह योजना स्कूलों के माध्यम से लागू की जा रही है, इसलिए अभिभावकों को कुछ जरूरी कदम उठाने होंगे:
- सबसे पहले अपने बच्चे के स्कूल में जाकर यह कन्फर्म करें कि क्या उनका स्कूल 148 पीएमश्री या मॉडल संस्कृति स्कूलों की लिस्ट में शामिल है।
- अगर बच्चा 80% से ऊपर अंक लाया है, तो तुरंत क्लास टीचर से संपर्क करके 17 पॉइंट वाले फॉर्म में सही जानकारी दर्ज करवाएं।
- बच्चे का आधार कार्ड, बैंक खाते की पासबुक, 10वीं/12वीं की मार्कशीट और मां का पहचान पत्र जैसी चीजें तैयार रखें ताकि वेरिफिकेशन में देरी न हो।
हरियाणा के किस जिले में कितने स्कूल शामिल
शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी की गई 148 स्कूलों की सूची में पूरे प्रदेश को कवर किया गया है। इसमें सिरसा से 7, हिसार से 12, नूंह से 12 और यमुनानगर से 9 स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा अंबाला व करनाल से 8-8, भिवानी, झज्जर, जींद, पलवल, सोनीपत से 7-7, फतेहाबाद, कैथल, पंचकूला, पानीपत, रोहतक से 6-6, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी से 5-5, गुरुग्राम से 4 और चरखी दादरी से 3 स्कूल इस योजना के दायरे में रखे गए हैं।