ममता ईएनटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर डा. डीके मेघवाल को अमेरिकी विश्वविद्यालय से मिली डॉक्टरेट की उपाधि

 

सिरसा। शहर के जाने-माने चिकित्सक एवं ममता ईएनटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. डीके मेघवाल को समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अमेरिका की प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया पब्लिक यूनिवर्सिटी द्वारा डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से  चिकित्सा जगत में हर्ष और गर्व का वातावरण है। डॉ. मेघवाल पिछले 15 वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।

उन्होंने चिकित्सा सेवा को केवल पेशा न मानते हुए उसे मानव सेवा का माध्यम बनाया। आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, रक्तदान शिविर तथा जरूरतमंद मरीजों को दवाइयों और उपचार में आर्थिक सहायता प्रदान करना उनके प्रमुख कार्यों में शामिल है। विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में उन्होंने मेडिकल कैंप आयोजित किए।

इन शिविरों में सैकड़ों लोगों की नि:शुल्क जांच और उपचार किया गया। लोगों के स्वास्थ्य को लेकर उन्होंने कई जागरूकता कार्यक्रम चलाए, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। डॉ. मेघवाल की सेवाओं को देखते हुए अमेरिकन यूनिवर्सिटी ने उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान से सम्मानित किया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने वक्तव्य में कहा कि डॉ. मेघवाल ने चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में जो कार्य किए हैं, वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रेरणादायक हैं। डॉ. मेघवाल ने इस उपलब्धि को अपने परिवार, सहयोगियों और शहरवासियों को समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा देता है। उनका मानना है कि सच्ची संतुष्टि जरूरतमंदों की सेवा में ही मिलती है। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने डॉ. मेघवाल को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
फोटो: डा. डीके मेघवाल