कौशल विकास योजना 2026: सिरसा में मशीन ऑपरेटर कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, फ्री ट्रेनिंग के साथ मिलेगा ये सब

 

सिरसा। हरियाणा के अनुसूचित जाति वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए केंद्र सरकार के संस्थान 'सिपेट' (CIPET) मुरथल ने सुनहरे भविष्य की राह खोल दी है। केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, मुरथल (सोनीपत) द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए विशेष आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम की घोषणा की गई है। इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें चयनित अभ्यर्थियों को पूरी तरह नि:शुल्क ट्रेनिंग के साथ-साथ रहने और खाने की सुविधा भी दी जाएगी।

जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत युवाओं को न केवल उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा दी जाएगी, बल्कि उन्हें किताबें, नोटबुक, स्टेशनरी, ड्रेस और जूते जैसी आवश्यक सुविधाएं भी संस्थान की ओर से मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएंगी। यह पूरी मुहिम अनुसूचित जाति के आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है, ताकि वे आधुनिक मशीनों को चलाने में दक्ष होकर औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार पा सकें।

प्रशिक्षण के लिए पाठ्यक्रमों का निर्धारण उद्योगों की मांग के अनुसार किया गया है। संस्थान में सहायक मशीन ऑपरेटर इंजेक्शन मोल्डिंग (एएमओ-एमआई) के लिए सबसे अधिक 200 सीटें रखी गई हैं। इसके अतिरिक्त प्लास्टिक प्रोसेसिंग (एएमओ-पीपी), प्लास्टिक एक्सटूजन (एएमओ-पीई) और ब्लो मोल्डिंग (एएमओ-बीएम) जैसे महत्वपूर्ण कोर्स के लिए 80-80 सीटें निर्धारित हैं। इन सभी कोर्स की अवधि तीन माह (कुल 480 घंटे) होगी, जो एनएसक्यूएफ लेवल-3 के तहत संचालित किए जाएंगे।

इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्रता की शर्तें काफी सरल रखी गई हैं। आवेदक का कम से कम 10वीं पास होना और न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य है। चूंकि यह योजना केवल अनुसूचित जाति वर्ग के लिए है, इसलिए हरियाणा राज्य का स्थायी निवासी होना और परिवार की वार्षिक आय (पीपीपी द्वारा सत्यापित) का निर्धारित सीमा के भीतर होना आवश्यक है। खास बात यह है कि जिन युवाओं ने पहले कभी सिपेट के किसी भी केंद्र से प्रशिक्षण लिया है, वे दोबारा इस योजना का लाभ नहीं उठा सकेंगे।

दाखिले के लिए इन स्टेप्स को करें फॉलो:

  •  इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेज जैसे 10वीं की मार्कशीट, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो तैयार करें।
  • अभ्यर्थी अपना पूर्ण आवेदन पत्र और दस्तावेजों की स्कैन कॉपी ईमेल आईडी murthal@cipet.gov.in पर भेज सकते हैं।
  • जो छात्र सीधे संस्थान पहुंच सकते हैं, वे सिपेट मुरथल, सोनीपत के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से जाकर अपने दस्तावेज जमा करवा सकते हैं।
  • अधिक जानकारी या किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 7678329863, 7555888612 या 9996538494 पर संपर्क कर सकते हैं।

सिपेट संस्थान की ओर से मिलने वाला यह प्रशिक्षण प्रमाण पत्र पूरे देश में मान्य है और पेट्रोरसायन व प्लास्टिक उद्योग में नौकरी पाने के लिए बेहद प्रभावी साबित होता है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सीटों की सीमित संख्या को देखते हुए प्रशासन ने युवाओं से जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है।