हरियाणा कॉलेज एडमिशन, अब 15 जून तक यूजी कोर्स के लिए कर सकते है 

 

चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी और निजी कॉलेजों में स्नातक (यूजी) कोर्सों में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए राहत की खबर है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने बीए, बीकॉम और बीएससी जैसे कोर्सों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाकर 15 जून कर दी है। जिन छात्रों ने अभी तक फॉर्म नहीं भरा है, वे अब बचे हुए 10 दिनों में विभाग के एडमिशन पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। बिना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के किसी भी छात्र को कॉलेजों में दाखिला नहीं दिया जाएगा।

दाखिले के लिए यह पोर्टल सबसे पहले 7 मई को खोला गया था। कई छात्र सर्वर डाउन होने या दस्तावेजों की कमी के कारण समय पर फॉर्म नहीं भर पाए थे, जिसके चलते कॉलेजों में लगातार भीड़ बढ़ रही थी। छात्रों की इसी परेशानी को देखते हुए विभाग ने 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। तारीख बढ़ने के बाद अब पहले से तय मेरिट लिस्ट का पूरा शेड्यूल बदल गया है। पुराने नियम के तहत 10 जून को पहली और 16 जून को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होनी थी। अब 15 जून तक सिर्फ आवेदन लिए जाएंगे, जिसके बाद नई मेरिट लिस्ट और फीस जमा करने की तारीखों का नया शेड्यूल जारी किया जाएगा।

राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय की एडमिशन नोडल अधिकारी प्रो. अनीता शर्मा ने बताया कि यूजी कक्षाओं के लिए 15 जून तक फॉर्म भरे जा सकेंगे। दस्तावेजों और आवेदनों की छंटनी के बाद नई मेरिट सूची जारी होगी। हरियाणा के कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए छात्रों के पास परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) होना सबसे जरूरी है। इसके अलावा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और अगर कोई आरक्षण चाहिए तो जाति प्रमाण पत्र पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है।

सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय मिठी सुरेरां कॉलेज में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ी, 15 जून तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

फॉर्म भरते समय छात्रों को अपने मनपसंद कॉलेजों और कोर्स की लिस्ट अपनी पसंद के क्रम के अनुसार भरनी होगी। जो छात्र मेरिट लिस्ट में जगह बनाएंगे, उन्हें तय समय के अंदर अपनी फीस ऑनलाइन ही भरनी होगी। फीस भरने के बाद ही कॉलेज में सीट पक्की मानी जाएगी। दाखिला प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों या जानकारी के लिए सभी कॉलेजों में सहायता केंद्र (हेल्पडेस्क) बनाए गए हैं, जहां छात्र सीधे जाकर मदद ले सकते हैं।