हरियाणा के युवाओं के लिए खुशखबरी: HSSC के पास पहुंचा 10 हजार पदों का प्रस्ताव, जानिए कब शुरू होगी भर्ती

 

हरियाणा सरकार ने विभिन्न विभागों में तृतीय श्रेणी (ग्रुप सी) के पदों पर भर्ती की तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार की ओर से हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को करीब 10 हजार पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। इस वर्ष राज्य में 30 हजार से ज्यादा पदों पर भर्तियां होनी प्रस्तावित हैं। इनमें से करीब 13 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है, जिसमें साढ़े 5 हजार पद पुलिस विभाग के शामिल हैं। पुलिस भर्ती के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) और फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) जल्द ही शुरू किए जाएंगे।

नई भर्ती से पहले जारी होगा ग्रुप डी CET का शेड्यूल

HSSC की ओर से 10 हजार पदों पर नई भर्ती का विज्ञापन और प्रक्रिया शुरू करने से पहले, ग्रुप डी पदों के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) का शेड्यूल जारी किया जाएगा। आयोग द्वारा ग्रुप सी के लिए सीईटी का आयोजन पहले ही किया जा चुका है और इसकी आगे की भर्ती प्रक्रिया जारी है। अब आयोग की पूरी तैयारी ग्रुप डी सीईटी आयोजित करने पर है, जिसका शेड्यूल जल्द जारी कर दिया जाएगा और परीक्षा आयोजित की जाएगी।

अप्रैल के आखिर तक शुरू होगी 10 हजार पदों की प्रक्रिया

हिम्मत सिंह के अनुसार, जल्द ही ग्रुप डी भर्तियों के लिए सीईटी का पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद ग्रुप सी के करीब 10 हजार पदों के लिए विज्ञापन जारी होंगे। इस पोर्टल को खोलने से पहले आयोग ने गूगल फॉर्म के जरिए पूरे प्रदेश के युवाओं से सुझाव भी मांगे हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार 13 हजार पदों पर भर्तियां निकल चुकी हैं, जबकि इन 10 हजार पदों की प्रक्रिया अप्रैल के अंत तक शुरू होने की संभावना है। वहीं, बचे हुए करीब 7 हजार पदों पर समय-समय पर विज्ञापन जारी कर भर्तियां निकाली जाती रहेंगी।