अंकों से आगे असली सीख: हरियाणा के स्कूलों में मौखिक आकलन से बच्चों की दक्षता की होगी पहचान
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में बालवाटिका-III से कक्षा चौथी तक सावधिक आकलन-1 18 से 21 अगस्त 2026 तक होगा।
इस बार लिखित परीक्षा के साथ मौखिक आकलन भी किया जाएगा, जिसमें बच्चों के सुनने, बोलने और पढ़ने के कौशल को परखा जाएगा।
कक्षा तीसरी के लिए हिंदी का ओआरएफ (ओरल रिडिंग फ्लुएंसी) आकलन निपुण हरियाणा टीचर ऐप के अलग मॉड्यूल से होगा।
कक्षा चौथी की लिखित और मौखिक परीक्षा अलग-अलग दिनों में आयोजित की जाएगी।
चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में बालवाटिका-III से कक्षा चौथी तक के विद्यार्थियों का सावधिक आकलन-1 इस बार लिखित परीक्षा के साथ मौखिक रूप से भी किया जाएगा। 18 से 21 अगस्त तक होने वाले इस आकलन में बच्चों के सुनने, बोलने और पढ़ने के कौशल को भी परखा जाएगा, ताकि उनकी सीखने की वास्तविक क्षमता का पता चल सके।
18 से 21 अगस्त तक चलेगा सावधिक आकलन
शिक्षा विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार बालवाटिका-III से कक्षा चौथी तक के विद्यार्थियों का सावधिक आकलन-1 18 से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह आकलन निपुण हरियाणा मिशन और कक्षा तत्परता कार्यक्रम (सीआरपी) की दक्षताओं पर आधारित होगा। सामान्य विद्यालयों में परीक्षा सुबह 9 से 11 बजे तक तथा दोहरी पाली वाले विद्यालयों में दोपहर 1 से 3 बजे तक आयोजित की जाएगी।
राजकीय आईटीआई नाथूसरी चौपटा में 17 अगस्त से 237 रिक्त सीटों पर ऑन-द-स्पॉट काउंसलिंग
मौखिक आकलन पर विशेष जोर
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि हिंदी, अंग्रेजी और गणित में बच्चों की मौखिक दक्षताओं को भी परखा जाएगा। खासतौर पर विद्यार्थियों के सुनने, बोलने और पढ़ने के कौशल पर ध्यान रहेगा। यानी बच्चा किताब या सवाल देखकर सही उत्तर लिख पा रहा है या नहीं, इसके साथ यह भी देखा जाएगा कि वह बात को सुनकर कितना समझता है, अपनी बात किस तरह व्यक्त करता है और पढ़ते समय उसकी समझ और प्रवाह कैसा है।
कक्षा में शिक्षक के सामने होगी बच्चे की सीधी परीक्षा
मौखिक आकलन में शिक्षक बच्चों से सीधे संवाद करेंगे। उन्हें एक-एक करके बुलाकर निर्धारित दक्षताओं के अनुसार प्रश्न पूछे जाएंगे और उनकी प्रतिक्रिया दर्ज की जाएगी। इससे बच्चों की वास्तविक सीखने की स्थिति सामने आने की उम्मीद है। विभाग ने इसके लिए निपुण हरियाणा टीचर एप के कंटेंट रिपोजिटरी में अभ्यास प्रश्न और शिक्षक मार्गदर्शिका उपलब्ध कराई है।
जानें किस दिन किस कक्षा की कौन-सी परीक्षा
- 18 अगस्त: बालवाटिका-III का आकलन, कक्षा पहली और दूसरी में अंग्रेजी तथा कक्षा चौथी में हिंदी की लिखित परीक्षा।
- 19 अगस्त: बालवाटिका-III का आकलन, कक्षा दूसरी और तीसरी में गणित तथा कक्षा चौथी में हिंदी की मौखिक परीक्षा।
- 20 अगस्त: कक्षा पहली में गणित, दूसरी में हिंदी, तीसरी में अंग्रेजी और चौथी में गणित का आकलन।
- 21 अगस्त: कक्षा पहली में हिंदी, तीसरी में हिंदी और चौथी में अंग्रेजी की परीक्षा।
तीसरी कक्षा में पढ़ने की गति और दक्षता भी होगी दर्ज
कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों के लिए हिंदी का ओआरएफ (ओरल रिडिंग फ्लुएंसी) आकलन निपुण हरियाणा टीचर ऐप में उपलब्ध अलग मॉड्यूल के माध्यम से लिया जाएगा। इसमें बच्चे की पढ़ने की क्षमता और दक्षता का आकलन किया जाएगा।
चौथी में पहले लिखित, फिर आमने-सामने मौखिक आकलन
कक्षा चौथी में लिखित और मौखिक परीक्षा अलग-अलग दिनों में होगी। लिखित परीक्षा में श्रुतलेख और लेखन कौशल आधारित दक्षताओं को परखा जाएगा। इसके बाद शिक्षक विद्यार्थियों को एक-एक करके बुलाकर मौखिक आकलन करेंगे। शिक्षक चाहें तो लिखित परीक्षा वाले दिन से ही मौखिक आकलन शुरू कर सकते हैं।
अंकों से आगे सीखने की वास्तविक तस्वीर
इस आकलन का सबसे अहम पहलू यह है कि बच्चे की दक्षता का मूल्यांकन केवल लिखित उत्तरों के आधार पर सीमित नहीं रहेगा। मौखिक आकलन से यह समझने में मदद मिलेगी कि बच्चा पाठ को वास्तव में समझ रहा है या सिर्फ उसे लिखकर याद कर रहा है। इससे शिक्षकों को कमजोर दक्षताओं वाले विद्यार्थियों की पहचान कर आगे उनके सीखने पर काम करने में भी मदद मिल सकेगी।
डिजिटल रिकॉर्ड भी होगा तैयार
सावधिक आकलन-1 का पूरा रिकॉर्ड निपुण एप के माध्यम से दर्ज किया जाएगा। बालवाटिका-III से कक्षा चौथी तक के विद्यार्थियों के आकलन का रिकॉर्ड इसी एप से डाउनलोड और जमा किया जा सकेगा। इस तरह बच्चों की दक्षताओं का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार होगा, जिससे आगे उनकी सीखने की प्रगति को देखा जा सकेगा।