सिरसा के प्रो. हरभगवान चावला को मिला 'डॉ. सुरेन्द्र वर्मा कला एवं साहित्य स्मृति पुरस्कार-2026'

श्री युवक साहित्य सदन में अखिल भारतीय लघुकविता सम्मेलन-2026 आयोजित
 

अखिल भारतीय लघुकविता सम्मेलन-2026

श्री युवक साहित्य सदन में अखिल भारतीय लघुकविता सम्मेलन-2026 आयोजित, प्रो. हरभगवान चावला को मिला 'डॉ. सुरेन्द्र वर्मा कला एवं साहित्य स्मृति पुरस्कार-2026'


सिरसा। हरियाणा प्रादेशिक हिन्दी साहित्य सम्मेलन, सिरसा द्वारा संचालित हरियाणा प्रादेशिक लघुकविता मंच के तत्त्वावधान व डॉ. सुरेन्द्र वर्मा की स्मृति में स्थानीय श्री युवक साहित्य सदन मे 'अखिल भारतीय लघुकविता सम्मेलन-2026'  का आयोजन हुआ, जिसके मुख्य अतिथि डॉ. जयभगवान सिंगला कुरुक्षेत्र रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपुर से पधारीं चाँद वर्मा ने की। अति विशिष्ट अतिथि  सिरसा से डॉ. प्रेम कम्बोज थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रोहतक से डॉ. मधुकांत तथा भिवानी से आनंद प्रकाश 'आर्टिस्ट' ने शिरकत की।

आए हुए अतिथियों तथा श्रोताओं का स्वागत डॉ. शील कौशिक ने तथा मंच संचालन संस्था के मंत्री हरीश सेठी 'झिलमिल' तथा डॉ. शील कौशिक ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के प्रथम भाग में डॉ.सुरेन्द्र वर्मा के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रो.रूप देवगुण, डी. डी. वर्मा, प्रदीप चतुर्वेदी तथा चाँद वर्मा ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. सुरेंद्र वर्मा के सुपुत्रों विक्रम सिंह व गजेन्द्र वर्मा ने डॉ. सुरेन्द्र वर्मा की गजलों तथा अपने गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। चंद्र किशोर ने भी शानदार प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र वर्मा फाउंडेशन, जयपुर तथा वर्चुअल प्लेनेट प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई की तरफ से प्रो. हरभगवान चावला ' को 'डॉ. सुरेन्द्र वर्मा कला एवं साहित्य स्मृति पुरस्कार-2026' प्रदान किया गया। प्रो. हरभगवान चावला  ने डॉ. सुरेंद्र वर्मा के व्यक्तित्व पर चर्चा करते हुए चाँद वर्मा के परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के द्वितीय भाग में 'लघुकविता की यात्रा' विषय पर संस्था प्रधान प्रो. रूप देवगुण ने अपना वक्तव्य दिया तथा इसके पश्चात आनंदप्रकाश 'आर्टिस्ट द्वारा संपादित 'आनंदमार्ग' पत्रिका के लघुकविता विशेषांक का लोकार्पण हुआ तथा हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान व स्थानीय कुल 53 उपस्थित साहित्यकारों के लघुकविता-संग्रहों का लोकार्पण हुआ तथा उन्हें हरियाणा प्रादेशिक लघुकविता मंच, सिरसा की ओर से  'प्रेम-प्रसून' लघुकविता सम्मान, वर्चुअल प्लेनेट प्रोडक्शन प्रा. लिमिटेड, मुम्बई की ओर से 'प्रेम-प्रसार' लघुकविता सम्मान तथा अखिल भारतीय प्रेरणा साहित्य एवं शोध संस्थान, कुरुक्षेत्र द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।