सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय मिठी सुरेरां कॉलेज में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ी, 15 जून तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

 

सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले में स्थित ऐलनाबाद के एकमात्र राजकीय महाविद्यालय मिठी सुरेरां यानी चौधरी मनीराम झोरड़ कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया चल रही है। विद्यार्थियों की सहूलियत को देखते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जून कर दी गई है। उच्चतर शिक्षा विभाग के दाखिला पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय में प्रवेश के लिए अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूरी होने और दस्तावेजों के ऑनलाइन सत्यापन के बाद उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा पहली और दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट सूची में नाम आने वाले विद्यार्थियों को फीस जमा करवाने के लिए एक से तीन दिन का समय दिया जाएगा। जो विद्यार्थी किन्हीं कारणों से आवेदन या मेरिट सूची से वंचित रह जाएंगे, उनके लिए बाद में ओपन काउंसलिंग का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस बार कला संकाय में 240, वाणिज्य में 40 और विज्ञान संकाय यानी बीएससी नॉन-मेडिकल में 40 सीटें निर्धारित की गई हैं। स्नातक कक्षाओं के साथ-साथ यहां एमए हिंदी की स्नातकोत्तर कक्षाएं भी संचालित की जाती हैं। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कॉलेज में वातानुकूलित लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब और छात्राओं के लिए मुफ्त पिंक बस सेवा जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।

आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए महाविद्यालय स्तर पर राष्ट्रीय छात्रवृत्ति, हरियाणा मेरिट, एससीबीसी स्कॉलरशिप, टॉप टेन और विज्ञान के छात्रों के लिए विशेष पोज स्कॉलरशिप की व्यवस्था है। इसके अलावा विद्यार्थियों को कॉलेज में ही ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट बनवाने की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। विद्यार्थियों को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने के लिए एनसीसी, एनएसएस, प्लेसमेंट सेल, महिला प्रकोष्ठ, सड़क सुरक्षा क्लब और लीगल लिटरेसी सेल सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।

आईटीआई नाथूसरी चोपटा में 2 जून से दाखिले शुरू: 17 ट्रेडों की 480 सीटों पर 15 जून तक करें अप्लाई, जानें जरूरी डॉक्यूमेंट्स

शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए कॉलेज में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय के अनुभवी प्राध्यापक नियुक्त हैं। इनमें अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, पंजाबी, इतिहास, भूगोल, मनोविज्ञान, भौतिकी और रसायन विज्ञान सहित सभी प्रमुख विषयों का स्टाफ शामिल है। दाखिला प्रक्रिया में विद्यार्थियों की सहायता के लिए कॉलेज परिसर में एक विशेष हेल्प डेस्क भी बनाया गया है। विद्यार्थी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9466731248, 7015139720, 9466615917 और 9971164381 पर संपर्क कर सकते हैं।

ऑनलाइन दाखिला फॉर्म भरने के लिए विद्यार्थियों को निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होगी:

  1. परिवार पहचान पत्र यानी फैमिली आईडी
  2. दसवीं और बारहवीं कक्षा की मार्कशीट
  3. विद्यार्थी की पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर
  4. जाति और हरियाणा निवास प्रमाण पत्र
  5. स्कूल से प्राप्त चरित्र प्रमाण पत्र
  6. बैंक खाते की पासबुक और आधार कार्ड
  7. पढ़ाई में गैप होने की स्थिति में एफिडेविट