पतिपत्नी दोनों बने सहायक प्रोफेसर : सुभाष बरोड़ और रिंकू रानी को मिली  दोहरी सफलता

मिठी सुरेरां निवासी सुभाष चंद्र बरोड़ और रिंकू रानी ने सहायक प्रोफेसर पद का कार्यभार ग्रहण किया। दंपति की सफलता शिक्षा और समाज के लिए प्रेरणादायक मिसाल बनी।
 
Sirsa News | Education News | Haryana HPSC Result | Chopta Plus

सिरसा जिले के मिठी सुरेरां गांव के लिए गर्व का क्षण उस समय बना जब पर्यावरण प्रेमी एवं भूगोलविद् सुभाष चंद्र बरोड़ और उनकी पत्नी रिंकू Rani ने हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित होकर सहायक प्रोफेसर पद का कार्यभार ग्रहण किया। दंपति की इस उपलब्धि को क्षेत्र में प्रेरणादायक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी सिरसा प्रोफेसर डॉ. सज्जन सेलवाल की उपस्थिति में सुभाष चंद्र बरोड़ ने चौधरी मनी राम झोरड़ राजकीय महाविद्यालय, मिठी सुरेरां ऐलनाबाद में सहायक प्रोफेसर (भूगोल) के रूप में तथा रिंकू रानी ने राजकीय कन्या महाविद्यालय रानियां में सहायक प्रोफेसर (हिंदी) के पद पर कार्यभार ग्रहण किया।

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय सुभाष चंद्र बरोड़ हजारों नि:शुल्क पौधे लगाने और लंबी साइकिल यात्राओं के माध्यम से लोगों को पर्यावरण बचाने के लिए जागरूक करते रहे हैं। वहीं रिंकू रानी ने ग्रामीण परिवेश से निकलकर कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा बनी हुई है।

दोनों ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, गुरुजनों और हरियाणा सरकार की पारदर्शी चयन प्रक्रिया को दिया। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, निरंतर अध्ययन और समाज व पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया।

डाइट डिंग सिरसा के प्रभारी सुरेंद्र सिंह नूनिया ने दंपति को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षा जगत के लिए गर्व का विषय है और युवाओं को मेहनत व समर्पण से आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। वहीं हरियाणा अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ सिरसा के जिला प्रधान सुरेश कुमार रंगा और हजरस ऐलनाबाद के खंड प्रधान राजेंद्र सिंह कुमथला ने भी दोनों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर परिवार के सदस्य, दोनों महाविद्यालयों का स्टाफ और अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।