अजमेर में खौफनाक हादसा: चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, कांग्रेसी नेता समेत परिवार के 4 लोगों की गई जान

 

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में गुरुवार की सुबह एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक चलती स्कॉर्पियो कार के अचानक आग का गोला बन जाने से एक कांग्रेसी नेता और उनके परिवार के 3 अन्य सदस्यों की जिंदा जलने से मौत हो गई। 

आग इतनी भयानक और तेजी से फैली कि कार में बैठे लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। इस खौफनाक हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया, जबकि एक सदस्य की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वालों में कांग्रेस नेता, पूर्व सरपंच और मौजूदा जिला परिषद सदस्य रामसिंह चौधरी शामिल हैं। उनके साथ कार में उनकी मां पूसी देवी (जो खुद भी पूर्व सरपंच रह चुकी हैं), उनकी पत्नी और भांजी महिमा सवार थीं। आग की चपेट में आने से इन चारों की दर्दनाक मौत हो गई है।

यह दिल दहला देने वाली घटना अजमेर शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर बोराड़ा थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे के आस-पास घटी। रामसिंह चौधरी का परिवार स्कॉर्पियो गाड़ी से जा रहा था। जब उनकी गाड़ी काशीर और बोराड़ा गांव के बीच पहुंची, तो अचानक उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

हरियाणा में नौकरियों की होगी बारिश! CM सैनी ने लागू की 'Make in Haryana Policy 2026', पढ़ें युवाओं को क्या मिलेगा

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। 

पूरी कार जलकर राख हो चुकी थी और अंदर बैठे चारों लोग इस भयानक हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है ताकि कार में आग लगने के असली कारणों का पता लगाया जा सके।