96 साल की उम्र में परीक्षा देकर बनी मिसाल, हरदेई की कहानी हो रही वायरल

 

96 साल की हरदेई ने दी परीक्षा: चोपटा के अली मोहम्मद विद्यालय में उल्लास परीक्षा का समापन

चोपटा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अली मोहम्मद में साक्षरता अभियान उल्लास के तहत आयोजित परीक्षा का समापन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस परीक्षा में कुल 62 शिक्षार्थियों (लर्नर) ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों में शिक्षा के प्रति उत्साह और सीखने की ललक साफ दिखाई दी।

इस कार्यक्रम की सबसे प्रेरणादायक बात यह रही कि 96 वर्षीय हरदेई ने भी परीक्षा देकर सभी को हैरान कर दिया। इतनी अधिक उम्र में शिक्षा के प्रति उनका जोश और जज्बा अन्य प्रतिभागियों के लिए मिसाल बन गया।

80 वर्षीय विमला ने भी दिया संदेश

कार्यक्रम में विमला पत्नी अमीलाल (आयु 80 वर्ष) ने भी परीक्षा में भाग लिया। उन्होंने यह साबित कर दिया कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। उनकी भागीदारी ने अन्य लोगों को भी शिक्षा की ओर प्रेरित किया।

शिक्षा का संदेश हर वर्ग तक पहुंचाना उद्देश्य

विद्यालय के प्राचार्य भूप सिंह ने बताया कि उल्लास अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक शिक्षा पहुंचाना और वयस्कों को साक्षर बनाना है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी शिक्षार्थियों ने पूरे मनोयोग और उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ ने भी इस अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में दिखा शिक्षा के प्रति उत्साह

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को आगे भी शिक्षा से जुड़े रहने और समाज में साक्षरता का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

96 वर्षीय हरदेई और 80 वर्षीय विमला जैसी महिलाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया और यह संदेश दिया कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती।