हरियाणा के इन 5 शहरों से गुजरेगा नया हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-कटरा NE-5 एक्सप्रेसवे को मिली मंजूरी

 

चंडीगढ़। माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं और ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले लोगों के लिए केंद्र सरकार ने एक बहुत बड़ी खुशखबरी दी है। सरकार ने दिल्ली से जम्मू-कश्मीर के कटरा तक जाने वाले नए हाई-स्पीड 'एनई-5 एक्सप्रेसवे' (NE-5 Expressway) को आधिकारिक तौर पर अपनी मंजूरी दे दी है। 

इस नए रूट के बनने से हरियाणा से कटरा तक का सड़क का सफर जो अभी 10 से 14 घंटे का होता है, वो सीधा 4 से 6 घंटे कम हो जाएगा। लोग बिना किसी जाम के फर्राटे भरते हुए सीधे माता के दरबार तक पहुंच सकेंगे।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसे राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 1956 के तहत नेशनल हाईवे नेटवर्क में शामिल कर लिया है। इसका मतलब है कि अब इसके लिए जमीन अधिग्रहण और रास्ता तय करने का काम जमीनी स्तर पर तेजी से शुरू होगा। 

यह शानदार एक्सप्रेसवे दिल्ली के रानी खेड़ा गांव (NH-344M) से शुरू होकर जसौर खेरी गांव के पास सीधे केएमपी (KMP - कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इसके बाद यह हरियाणा के पांच शहरों- खरखौदा, गोहाना, बुटाना, कलायत और बारटा से होता हुआ आगे पंजाब की तरफ निकल जाएगा।

पंजाब में प्रवेश करने के बाद यह नया हाईवे गुलजापुर, पाट्रान, भवानीगढ़, धूरी, मलेरकोटला, अहमदगढ़, मुल्लांपुर दाखा, नूरमहल, करतारपुर और गुरदासपुर बाईपास जैसे इलाकों के बाहर से होकर गुजरेगा। अंत में यह जम्मू-कश्मीर के कटरा के पास जाकर सीधे NH-144 में मिल जाएगा। इस पूरे एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर का सीधा सड़क संपर्क जुड़ जाएगा, जिससे माल ढुलाई का समय भी आधा रह जाएगा।

अजमेर में खौफनाक हादसा: चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, कांग्रेसी नेता समेत परिवार के 4 लोगों की गई जान

इस बड़े प्रोजेक्ट को उत्तर भारत की अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर माना जा रहा है। सरकार और विशेषज्ञों का मानना है कि जब यह एक्सप्रेसवे छोटे शहरों और गांवों के पास से गुजरेगा, तो वहां नई फैक्ट्रियां, लॉजिस्टिक्स पार्क, बड़े होटल और ढाबे खुलेंगे। इससे रास्ते में पड़ने वाले इलाकों की जमीनों के रेट बढ़ेंगे और वहां के युवाओं को रोजगार के नए मौके भी मिलेंगे। कुल मिलाकर यह नया कॉरिडोर पूरे उत्तर भारत के व्यापार और धार्मिक पर्यटन की तरक्की की नई रफ्तार तय करेगा।