Breaking News: हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी पर हमला, बेसुध हालत में अस्पताल में करना पड़ा भर्ती
हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी के साथ उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सोमवार रात करीब 11:30 बजे जानलेवा हमला हुआ। दो बाइक सवार युवकों ने उनकी ब्रेजा कार पर डंडे से हमला कर सामने का शीशा तोड़ दिया। हमले के बाद डिंपल बेसुध हो गईं, जिसके चलते उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। डांसर का आरोप है कि इससे पहले भी उन्हें फोन पर धमकियां मिल चुकी थीं, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
क्या है पूरा मामला
डिंपल चौधरी ने बताया कि सोमवार को वह सिकंदराबाद इलाके में अपनी छोटी बहन के घर जा रही थीं। रास्ते में एक सीएनजी पंप पर रुकने के बाद वह आगे बढ़ीं। इस दौरान उनकी एक फ्रेंड से फोन पर बात हो रही थी। तभी अचानक दो बाइक सवार युवकों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया और डंडे से सामने का शीशा तोड़ दिया। हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
हमले के बाद बेसुध हुईं, अस्पताल ले जाना पड़ा
डिंपल ने बताया कि हमले के बाद वह काफी घबरा गईं और बेसुध हो गईं। उनके छोटे भाई और ड्राइवर ने उन्हें वहां से नजदीकी नवीन अस्पताल पहुंचाया। हमले के बाद वह अपनी बहन के घर नहीं जा सकीं और अपने घर लौट आईं।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
डिंपल चौधरी ने आरोप लगाया कि इससे पहले 18 जून को उन्हें एक धमकी भरा फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को चंबल का डॉन बताते हुए कहा था, "घर से उठाऊंगा। घर से एके-47 निकलेगी।" इस कॉल की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की थी। डिंपल का कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा, "अब पुलिस किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है।"
गाड़ी का टूटा शीशा दिखाते हुए रोने लगीं
डिंपल चौधरी का एक रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह अपनी कार का टूटा हुआ शीशा दिखा रही हैं। वीडियो में वह कहती नजर आ रही हैं, "बेशर्मी की भी एक हद होती है। मैं मेरी बहन के घर जा रही थी। मेरी गाड़ी का ये हाल कर दिया。"
अब क्या करेंगी डिंपल
डिंपल चौधरी ने बताया कि सबसे पहले वह बुधवार को थाने में शिकायत दर्ज कराएंगी और उसके बाद एसपी से मिलेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि हमले के दौरान उनके पास न तो कोई बॉडीगार्ड था और न ही गाड़ी में कोई हथियार था। उनका कहना है कि हमलावर उन्हें जान से भी मार सकते थे।
कौन हैं डिंपल चौधरी
डिंपल चौधरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली हैं। वह हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में स्टेज शो करती हैं। 2018 में अपने करियर की शुरुआत करने वाली डिंपल पिछले कुछ समय से कई विवादों में रही हैं। हाल ही में हाथरस में एक स्टेज शो के दौरान एक युवक ने उनकी कमर छूने की कोशिश की थी, जिस पर उन्होंने उसे थप्पड़ मार दिया था। उस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।