हरियाणा में फास्ट फूड शॉप में ब्लास्ट: 100 मीटर दूर गिरा शटर, बाइक-स्कूटी और दीवार गिरी

पंचकूला में तेज धमाका, लोगों में मची अफरातफरी
 
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लास्ट की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

 

हरियाणा के पंचकूला जिले के कालका कस्बे में सोमवार सुबह एक फास्ट फूड दुकान में हुए जबरदस्त ब्लास्ट ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यह धमाका इतना शक्तिशाली था कि बंद दुकान का शटर उड़कर लगभग 100 मीटर दूर एक पार्क के पास जाकर गिरा। हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई है, लेकिन संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है।

 

ब्लास्ट सुबह करीब 10 बजे हुआ जब दुकान बंद थी और अंदर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। धमाके से न केवल दुकान की एक दीवार ढह गई, बल्कि पास में खड़ी बाइक और स्कूटी भी जमीन पर गिर गईं।

 

प्रत्यदर्शियों ने बताया भयावह मंजर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कालका के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में बस स्टैंड के सामने स्थित फास्ट फूड शॉप सोमवार को बंद थी। तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ जिससे पूरा बाजार हिल उठा। लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

 

शटर उड़कर सीधे पास के पार्क में जाकर गिरा। मौके पर पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी।

साइड की दीवार उड़ गई, पर कोई जनहानि नहीं

ब्लास्ट से फास्ट फूड शॉप की एक साइड की दीवार पूरी तरह गिर गई। गनीमत रही कि दुकान का एक हिस्सा खाली प्लॉट से सटा हुआ था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुकान बंद होने के कारण कोई कर्मचारी भी मौके पर नहीं था।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। ऐहतियात के तौर पर साथ लगती दुकानों को भी खाली कराया गया।

ब्लास्ट का कारण अब तक अज्ञात

फिलहाल, ब्लास्ट का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने बताया कि दुकान के अंदर रखे दोनों कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, फ्रिज का कंप्रेसर, इनवर्टर और बैटरी पूरी तरह सुरक्षित पाए गए हैं। ऐसे में ब्लास्ट किस कारण हुआ, यह एक रहस्य बना हुआ है।

पुलिस अधिकारी राजवीर ने बताया कि तकनीकी टीम मौके की गहन जांच कर रही है। साथ ही दुकान मालिक विश्वास मंगला से पूछताछ की जा रही है ताकि विस्फोट के संभावित कारणों का पता लगाया जा सके।

अफवाहों से बचने की अपील

पुलिस प्रशासन ने जनता से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


स्थानीय लोगों में डर का माहौल

इस घटना के बाद कालका बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि अगर दुकान खुली होती या आसपास लोग खड़े होते, तो जान-माल की बड़ी क्षति हो सकती थी।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लास्ट की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। जल्द ही इसकी विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।


हरियाणा के पंचकूला में हुए इस फास्ट फूड शॉप ब्लास्ट ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि यह हादसा मानवीय क्षति के बिना टल गया, परंतु इसका कारण जानना आवश्यक है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।