फतेहाबाद में ACB की रेड: 49 हजार का बिल अटकाकर मांगे 3 हजार, ट्रेजरी क्लर्क रंगे हाथों गिरफ्तार
लंबे समय से बिल अटका रहा था क्लर्क हीरालाल
जानकारी के अनुसार, जवाहर चौक स्थित पशु अस्पताल में कार्यरत वीएलडीए (वेटरनरी लाइवस्टॉक डेवलपमेंट असिस्टेंट) सुनील बिश्नोई ने करीब 49 हजार रुपये की दवाइयों की खरीद की थी। नियमानुसार, इन दवाइयों के बिल पास होने के लिए ट्रेजरी विभाग में भेजे गए थे। आरोप है कि ट्रेजरी में तैनात क्लर्क हीरालाल इन बिलों को पास करने की बजाय उन्हें लगातार अटकाता रहा। जब वीएलडीए सुनील बिश्नोई ने क्लर्क हीरालाल से इस बारे में बातचीत की, तो उसने बिल पास करने के बदले 3 हजार रुपये की रिश्वत मांग ली।
शिकायत के बाद ACB ने जाल बिछाकर किया काबू
रिश्वत की इस मांग से परेशान होकर सुनील बिश्नोई ने मामले की शिकायत सीधे एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को दे दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप (जाल) बिछाने की योजना बनाई। बुधवार को शिकायतकर्ता सुनील को निर्धारित रकम देकर ट्रेजरी क्लर्क के पास भेजा गया। जैसे ही क्लर्क हीरालाल ने रिश्वत की राशि ली, मौके पर पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी क्लर्क से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। वहीं, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।