फतेहाबाद नारकोटिक्स टीम का बड़ा एक्शन: हिसार के अग्रोहा में 60 लाख की हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
फतेहाबाद: हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फतेहाबाद टीम ने हिसार जिले के अग्रोहा में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 60 लाख रुपये की हेरोइन पकड़ी है। पुलिस टीम ने अग्रोहा-हिसार रोड पर श्री वैष्णव अग्रसेन गौशाला के पास एक गाड़ी को रोककर दो नशा तस्करों को 301.86 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो प्रमुख एडीजीपी (ADGP) संजय कुमार और एसपी मोहित हांडा के सख्त निर्देशों पर पूरे प्रदेश में नशा माफिया पर शिकंजा कसा जा रहा है। फतेहाबाद यूनिट के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर तरसेम सिंह ने बताया कि उनकी टीम के सदस्य महेश कुमार को इलाके में हेरोइन सप्लाई होने की पक्की जानकारी मिली थी। इसी सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाया और गाड़ी समेत दोनों आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा।
पकड़े गए तस्करों की पहचान हिसार के पिरावाली गांव निवासी रमनजीत उर्फ लवली और कैथल के ऋषि नगर वार्ड 11 निवासी नवीन उर्फ चीनू के तौर पर हुई है। पुलिस अब इन दोनों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे इतनी बड़ी खेप कहां से लाए थे। बाजार में पकड़ी गई हेरोइन की कीमत 60 लाख रुपये आंकी गई है।
हरियाणा के बुजुर्गों को हजूर साहिब फ्री यात्रा कराएगी सरकार, 15 अप्रैल तक ऐसे करें अप्लाई
सब-इंस्पेक्टर तरसेम सिंह ने नशे के खात्मे के लिए लोगों से पुलिस का साथ देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को नशा बेचने वालों के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत टोल फ्री नंबर 1933 या 90508-91508 पर कॉल करके पुलिस को बताएं। पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करों की खबर देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।