4 साल की बच्ची के मामले में चौंकाने वाला खुलासा, खुद को बचाने के लिए पिता ने रची झूठी कहानी; दादी भी गिरफ्तार
हरियाणा में चार साल की बच्ची से जुड़े मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची के साथ गलत काम करने का आरोप उसके पिता पर है। आरोप है कि उसने खुद को बचाने के लिए स्कूल में एक लड़के पर गलत काम करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में बच्ची के पिता और उसकी दादी को गिरफ्तार किया है।
मां को बच्ची की हालत देखकर हुआ शक
मामला लाखनमाजरा थाना क्षेत्र का है। शिकायत के अनुसार, बच्ची एलकेजी में पढ़ती है। 15 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे जब वह स्कूल से घर लौटी तो उसकी मां ने कपड़े बदलते समय उसकी हालत में कुछ असामान्य देखा। इसके बाद मां ने बच्ची से इस बारे में पूछा।
शिकायत में बताया गया कि बच्ची ने शुरुआत में स्कूल के एक लड़के का नाम लिया था। बच्ची के अनुसार, वह लड़का उसे बिस्कुट दिखाने के बहाने बाथरूम में ले गया था। इसके बाद मां ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पूछताछ में पिता पर लगा आरोप
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान बच्ची के पिता के बयानों में बार-बार बदलाव सामने आया। बच्ची के बयानों में भी अंतर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान पिता ने बच्ची के साथ गलत काम करने की बात कबूल की। आरोप है कि उसने अपना जुर्म छिपाने के लिए स्कूल में घटना होने की कहानी बनाई थी।
पिता और दादी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने बच्ची के पिता और उसकी दादी को गिरफ्तार किया है। डीएसपी महम तनुज शर्मा के अनुसार, दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जानी थी, ताकि मामले से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्ची की पहचान और परिवार की निजता को ध्यान में रखते हुए उससे जुड़ी निजी जानकारी साझा नहीं की जा रही है।