हरियाणा के गुरुग्राम के दर्जनभर स्कूलों को ईमेल से मिली बम से उड़ाने की धमकी, बच्चों को सुरक्षित भेजा गया घर
हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर-14 स्थित डीएवी (DAV) स्कूल समेत करीब एक दर्जन स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस घटना के सामने आते ही स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एहतियात के तौर पर सभी प्रभावित स्कूलों में तुरंत छुट्टी घोषित कर दी गई और छात्रों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया है।
पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते का सर्च ऑपरेशन जारी
धमकी की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों को अपने घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी। सघन तलाशी के लिए पुलिस के साथ-साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर कई स्कूलों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया है, जबकि कुछ स्कूलों में तलाशी अभियान पूरा भी कर लिया गया है।
किसी भी स्कूल से नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु, ईमेल भेजने वाले की तलाश
गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ संदीप कुमार के अनुसार, पुलिस टीमों द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान में अभी तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध चीज बरामद नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह धमकी भरा ईमेल किसने भेजा है। साइबर टीमों की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। शहर की स्थिति पर पुलिस लगातार नजर रखे हुए है और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है।