गुरुग्राम के सिद्रावली में बड़ा हादसा: सिग्नेचर सोसाइटी की दीवार गिरी, 5 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई अब भी मलबे में दबे
गुरुग्राम के सिद्रावली गांव स्थित सिग्नेचर टावर (Signature Society) में सोमवार रात एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। बिल्डर द्वारा संचालित इस सोसाइटी की एक भारी-भरकम दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आकर 5 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई है। मलबे के नीचे अभी भी करीब 10 अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका है, जिन्हें निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाने के लिए कई एंबुलेंस मौके पर तैनात कर दी गई हैं। मलबे को हटाने और दबे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए भारी मशीनों की मदद ली जा रही है।
अचानक भरभरा कर गिरी दीवार, इलाके में मची चीख-पुकार
यह हादसा सोमवार रात उस वक्त हुआ जब मजदूर वहां मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवार अचानक भरभरा कर गिर पड़ी, जिससे वहां काम कर रहे या आराम कर रहे मजदूरों को भागने या संभलने तक का मौका नहीं मिला।
दीवार गिरने के जोरदार धमाके के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को इस घटना की सूचना दी। रेस्क्यू टीम ने अब तक 5 मजदूरों के शव मृत अवस्था में मलबे से बाहर निकाल लिए हैं और बाकी जिंदगियों को बचाने की जद्दोजहद जारी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दीवार किस वजह से गिरी और निर्माण में किस स्तर की खामी थी। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरी स्थिति की बारीकी से मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
शुरुआती तौर पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और बिल्डर की संभावित लापरवाही के एंगल से भी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता मलबे में दबे सभी लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है। इसके बाद हादसे के असली कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।