क्या है एआई सैंडबाक्स जो हरियाणा में लॉन्च होते ही लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा
गुरुग्राम। हरियाणा में सरकारी विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं और मुख्यमंत्री जनसंवाद में आने वाली शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्व बैंक के सहयोग से तैयार किए गए 'हरियाणा एआई सैंडबाक्स' पोर्टल को आज लॉन्च करेगें।
हरियाणा एआई डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत शुरू की गई यह पहल प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का काम करेगी। इस तकनीक के माध्यम से किसी भी विभाग की शिकायत दर्ज होते ही एआई सिस्टम चंद मिनटों में उसका विश्लेषण कर समाधान के विकल्प प्रस्तुत करेगा।
यह पोर्टल राज्य के सभी सरकारी विभागों को एक सिंगल डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकीकृत करेगा। वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्था में शिकायत प्राप्त होने के बाद यह तय करने में काफी समय लग जाता है कि संबंधित समस्या किस अधिकारी के अधिकार क्षेत्र में आती है।
एआई सैंडबाक्स इस मानवीय देरी को समाप्त कर देगा। पोर्टल पर शिकायत आते ही सिस्टम यह स्पष्ट कर देगा कि समस्या किस जिले, उप-मंडल या अधिकारी से संबंधित है। इसके साथ ही, यह तकनीक संबंधित अधिकारी को समस्या के समाधान के लिए दो से तीन व्यावहारिक सुझाव भी तत्काल उपलब्ध करवाएगी, जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी।
विभिन्न विभागों में इस एआई तकनीक का सीधा असर देखने को मिलेगा। बिजली निगम से जुड़ी शिकायतों में सिस्टम तुरंत फॉल्ट वाले सब-डिवीजन और जिम्मेदार इंजीनियर की पहचान करेगा। शिक्षा विभाग के मामलों में यह पोर्टल स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षकों की संख्या का डेटा विश्लेषित कर व्यवस्था सुधारने के सुझाव देगा। इसी तरह, लोक निर्माण विभाग के तहत सड़कों की मरम्मत से जुड़ी शिकायतों में मिनटों के भीतर सड़क के मालिकाना हक और मरम्मत की जिम्मेदारी तय हो जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग में यह प्रणाली मरीजों की मेडिकल जांच रिपोर्ट का विश्लेषण कर उन मरीजों को चिन्हित करेगी, जिन्हें विशेष निगरानी की आवश्यकता है। योजना के कंसल्टेंट निनाद के अनुसार, यह पोर्टल त्वरित गति से समस्याओं के समाधान में मील का पत्थर साबित होगा।
पोर्टल के संचालन और तकनीकी विकास के लिए राज्य सरकार पांच स्टार्टअप्स का चयन कर उन्हें वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। होटल ताज सिटी सेंटर में आयोजित इस लॉन्चिंग कार्यक्रम में 200 से अधिक स्टार्टअप्स ने हिस्सा लिया। एआई पोर्टल की लॉन्चिंग मुख्यमंत्री के व्यस्त दिनचर्या का हिस्सा रही। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क में योग प्रोटोकॉल अभ्यास में भाग लिया और होंडा
इंडिया फाउंडेशन द्वारा हरियाणा पुलिस को दी गई 310 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल में कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की और होटल ग्रैंड हयात में 'मेक इन हरियाणा' नीति को भी विधिवत रूप से लॉन्च किया।
देश का नया ग्रोथ इंजन, हमारा हरियाणा!
— CMO Haryana (@cmohry) June 1, 2026
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP द्वारा गुरुग्राम से ‘मेक इन हरियाणा नीति एवं अन्य सेक्टोरल नीतियों’ का शुभारंभ।
यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम राज्य के औद्योगिक, तकनीकी एवं आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगा। pic.twitter.com/KJzGzLrAER