हरियाणा में LPG और पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों पर CM नायब सैनी का बड़ा बयान, दिए सख्त निर्देश
हरियाणा (Chopta Plus) 13 मार्च: पश्चिमी एशिया में युद्ध जैसे हालात के बीच रसोई गैस की संभावित किल्लत की चिंताओं को लेकर हरियाणा सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि प्रदेश में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गैस आपूर्ति बाधित होने की केवल अफवाह फैलाई जा रही है।
तेल कंपनियों ने दिया पर्याप्त स्टॉक का आश्वासन, आवश्यक सेवाओं को मिलेगी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री द्वारा ली गई समीक्षा बैठक में तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सरकार को आश्वस्त किया है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति निरंतर हो रही है। कॉमर्शियल सिलेंडरों के मामले में सरकार ने स्पष्ट किया है कि अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को आपूर्ति में प्राथमिकता दी जा रही है। तेल कंपनियां शेष आपूर्ति को पूरी तरह सुचारु करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर तुरंत एक्शन के निर्देश
ईंधन संकट की अफवाहों की आड़ में होने वाली अनियमितताओं को रोकने के लिए सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) और पुलिस अधीक्षकों (SP) को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाएं और किसी भी प्रकार की गैस चोरी, कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना मिलने पर तुरंत कड़ी कार्रवाई करें।
ईंधन संकट के बीच हरियाणा के लिए बड़ी खबर, 1.59 लाख BPL परिवारों को मिलेगा अतिरिक्त केरोसिन तेल
मुख्यमंत्री की प्रदेशवासियों से अपील- अनावश्यक भंडारण से बचें
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अनावश्यक घबराहट में न आएं और गैस सिलेंडरों का अतिरिक्त भंडारण (Hoarding) करने से बचें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने को कहा है। सरकार की ओर से यह सुनिश्चित किया गया है कि राज्य प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर घर तक घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है।