हरियाणा में पेंशनधारकों और किसानों खातों में पहुंचे 1884 करोड़, फटाफट चेक करें अपना बैंक बैलेंस
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को प्रदेश के लाखों लाभार्थियों को बड़ी आर्थिक राहत दी है। चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीएम ने एक क्लिक से सीधे लोगों के बैंक खातों में 1884 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि ट्रांसफर की है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी गई इस रकम का सीधा फायदा प्रदेश के किसानों, बुजुर्गों, दिव्यांगों, आढ़तियों और गरीब परिवारों को मिला है।
पेंशनधारकों और किसानों को सबसे बड़ी राहत, खातों में आई बंपर रकम
सेवा विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 26 लाख 12 हजार लाभार्थियों के खातों में 842 करोड़ 92 लाख रुपये की राशि डाली गई है। इसमें वृद्धावस्था सम्मान और दिव्यांगजन भत्ता भी शामिल है। वहीं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2025 की फसलों के नुकसान का क्लेम भी जारी किया गया है। इसके तहत प्रदेश के 1 लाख 67 हजार 460 किसानों के बैंक खातों में 711 करोड़ 69 लाख रुपये की बीमा राशि पहुंची है।
आढ़तियों को मिला एक्स्ट्रा कमीशन, घर बैठे मिल रहा योजनाओं का लाभ
सरकार ने प्रदेश के 11 हजार 199 आढ़तियों का भी विशेष ध्यान रखते हुए 56 करोड़ 97 लाख रुपये की राशि उनके खातों में ट्रांसफर की है। यह रकम धान और बाजरा पर केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित कमीशन के अलावा राज्य सरकार की ओर से दी गई है। इसके साथ ही, 'दयालु योजना' के 5409 लाभार्थियों को 205.42 करोड़ रुपये और 'आवास सभी के लिए' योजना के तहत 12353 परिवारों को 67 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार अब 'प्रो-एक्टिव मॉडल' पर काम कर रही है। परिवार पहचान पत्र (PPP) के डेटाबेस से नागरिक खुद ही योजनाओं के पात्र बन रहे हैं, जिससे उन्हें अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। इस दौरान सीएम ने पिछली कांग्रेस सरकार के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि उनके 10 साल के शासन में किसानों को केवल 1138 करोड़ रुपये का मुआवजा मिला था, जबकि वर्तमान सरकार 11 सालों में 16,160 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि दे चुकी है।