सिलेंडर संकट से मचा हड़कंप, हरियाणा में कॉमर्शियल एलपीजी सप्लाई बंद, एजेंसियों पर हंगामा

 

हरियाणा में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह बंद होने से होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ईंधन संकट गहरा गया है। केंद्र सरकार के निर्देश पर घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दिए जाने के कारण कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रोकी गई है। पश्चिम एशिया में ईरान-इजराइल-यूएस संघर्ष और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में व्यवधान से वैश्विक एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने का असर भी इस स्थिति पर पड़ा है।

सिरसा में घरेलू गैस उपलब्ध, लेकिन होटल-रेस्तरां पर सीधा असर

सिरसा में घरेलू गैस की ज्यादा कमी नहीं है, लेकिन कॉमर्शियल सिलेंडर बंद होने से होटल, पीजी, फूड कोर्ट और रेस्तरां प्रभावित हैं। मिठाई की दुकानों में साल बाद डीजल से चलने वाली भट्ठियां फिर शुरू कर दी गई हैं, जबकि रेहड़ी-पटरी वालों पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है।

डीएफएससी हरविंदर सिंह के अनुसार घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीमें भी गठित की गई हैं।

फतेहाबाद और हिसार में हंगामा, बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर

फतेहाबाद में कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद है। रतिया में गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं ने हंगामा किया, जहां बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहे। होटल और रेस्तरां संचालक डीजल भट्ठियों का सहारा ले रहे हैं।

ऑनलाइन बुकिंग बंद होने के कारण लोग मैनुअल बुकिंग के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। एडीसी अनुराग ढालिया ने एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर कालाबाजारी रोकने के लिए निगरानी कमेटियां बनाने के निर्देश दिए हैं।

हिसार में सभी 34 गैस एजेंसियों में कॉमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग बंद है। पिछले दो दिन से साइट समस्या के कारण घरेलू सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग भी प्रभावित रही, जिसके चलते लोग एजेंसियों पर जाकर मैनुअल बुकिंग करा रहे हैं। होटल और ढाबों में घरेलू सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है।

यहां कालाबाजारी भी शुरू हो चुकी है। पहले 1000-1100 रुपये में मिलने वाला सिलेंडर अब 1400-1500 रुपये में बिक रहा है।

चरखी दादरी और भिवानी में वैकल्पिक ईंधन का सहारा

चरखी दादरी में फिलहाल केवल घरेलू सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिससे होटल, ढाबे, हॉस्टल और पीजी में दिक्कतें बढ़ गई हैं। लोग इलेक्ट्रिक चूल्हे, हीटर और भट्ठियों का इस्तेमाल बढ़ा रहे हैं। घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने हर खंड में टीमें गठित की हैं, जो 11 मार्च से अभियान चला रही हैं। अभी तक ब्लैक मार्केटिंग के मामले सामने नहीं आए हैं।

भिवानी में कॉमर्शियल गैस बंद होने से होटल-रेस्तरां में ईंधन संकट पैदा हो गया है। शहर में करीब 550 होटल-रेस्तरां प्रभावित हैं। कुछ बड़े होटलों ने डीजल भट्ठियां लगाई हैं। कालाबाजारी की आशंका के चलते गैस एजेंसियों के स्टॉक की निगरानी भी बढ़ाई गई है।

सरकार ने घरेलू एलपीजी को दी प्राथमिकता, जिलों से रोजाना रिपोर्ट

केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी आपूर्ति को प्राथमिकता देते हुए उत्पादन बढ़ाने के आदेश दिए हैं। हरियाणा सरकार ने भी स्थिति पर नजर रखते हुए जिलों से रोजाना रिपोर्ट मांगी है।

अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक बुकिंग से बचने की अपील की है। हालांकि व्यावसायिक क्षेत्र में ईंधन संकट बरकरार है और कई जगह डीजल या इलेक्ट्रिक विकल्प अपनाए जा रहे हैं। स्थिति सामान्य होने तक निगरानी और कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।