हरियाणाः शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की पायलट गाड़ी पर गिरा बिजली का पोल, SHO समेत 4 पुलिसकर्मी घायल

सीवन में 4 जून को तेज आंधी के कारण हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के काफिले की पायलट गाड़ी पर बिजली का पोल गिर गया। हादसे में सीवन थाना प्रभारी और चालक सहित चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मंत्री की गाड़ी पीछे होने के कारण वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
 
 

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की पायलट गाड़ी पर 4 जून को तेज आंधी के कारण एक बड़ा बिजली का पोल गिर गया। इस हादसे में सीवन थाना प्रभारी जय भगवान और चालक तरसेम सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। शिक्षा मंत्री की गाड़ी पीछे होने के कारण वह पूरी तरह सुरक्षित बच गए।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा सीवन में नगर पालिका अध्यक्षा हेम लता सैनी के आवास पर एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद उनका काफिला वापस लौट रहा था। जैसे ही गाड़ियां डीएवी कॉलोनी के पास पहुंचीं, अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। इसी दौरान सड़क किनारे लगा एक भारी बिजली का पोल उखड़कर सीधे आगे चल रही पुलिस की पायलट गाड़ी पर जा गिरा।

हादसे में कितने पुलिसकर्मी हुए घायल?

पोल गिरने से पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सीवन थाना प्रभारी जय भगवान ने बताया कि घटना के वक्त गाड़ी में चार पुलिस कर्मचारी सवार थे। हादसे में थाना प्रभारी और चालक तरसेम को चोटें आई हैं। गाड़ी में बैठे अन्य दो कर्मचारियों को भी मामूली चोटें लगी हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक अगर यह पोल ठीक पीछे आ रही मंत्री की गाड़ी पर गिरता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।