Haryana News: हरियाणा के दमकल कर्मचारियों ने टाला 30नवंबर का प्रदर्शन, सरकार ने मांगें पूरी करने के लिए मांगा एक सप्ताह
चंडीगढ़: हरियाणा के दमकल कर्मचारियों ने फिलहाल अपने आंदोलन को टालने का फैसला किया है। 30 नवंबर को पंचकूला में होने वाला कर्मचारियों का प्रस्तावित प्रदर्शन अब नहीं होगा। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
यह बैठक पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित अग्निशमन निदेशालय में डीजी फायर शेखर विद्यार्थी की अध्यक्षता में हुई। इसमें 11 सितंबर को मुख्यमंत्री के साथ हुए समझौते और कर्मचारियों की लंबित मांगों पर चर्चा की गई।
5 हजार रुपये जोखिम भत्ता और 7500 रुपये वर्दी भत्ते की मांग
हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह के अनुसार, कर्मचारियों को हर महीने 5,000 रुपये जोखिम भत्ता और 7,500 रुपये वर्दी भत्ता देने से संबंधित सरकारी पत्र एक सप्ताह में जारी करने का आश्वासन मिला है।
इसके अलावा हड़ताल में शामिल नियमित कर्मचारियों की चार्जशीट वापस लेने के मामले में भी एक सप्ताह के अंदर आदेश जारी करने की बात कही गई है।
बैठक में कर्मचारियों की छुट्टियों से जुड़ी परेशानियों पर भी चर्चा हुई। जिन कर्मचारियों की छुट्टियां बाकी नहीं हैं, उन्हें जरूरी निजी काम के लिए छुट्टियों के समायोजन की सुविधा देने का भरोसा दिया गया है।
1 दिसंबर को होगी भर्ती कमेटी की बैठक
यूनियन प्रधान ने बताया कि पेरोल पर काम कर रहे दमकल कर्मचारियों की नियमित भर्ती के लिए बनाई गई कमेटी की बैठक 1 दिसंबर को होगी।
कर्मचारी यूनियन ने सरकार से मांग की है कि 11 सितंबर को मुख्यमंत्री के साथ हुए समझौते के अनुसार 10 दिसंबर तक कच्चे दमकल कर्मचारियों को नियमित भर्ती के जरिए समायोजित करने के लिए भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाए।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर बनेगी आंदोलन की रणनीति
सरकार की ओर से मिले भरोसे के बाद यूनियन ने 30 नवंबर को पंचकूला में होने वाला मास डेपुटेशन प्रदर्शन स्थगित कर दिया है। अब कर्मचारी एक सप्ताह तक सरकारी आदेशों का इंतजार करेंगे।
राजेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि अगर तय समय में संबंधित सरकारी पत्र जारी नहीं हुए तो यूनियन की राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर आंदोलन की अगली रणनीति बनाई जाएगी।
12 दिसंबर को दिल्ली की रैली में शामिल होंगे दमकल कर्मचारी
यूनियन ने यह भी बताया कि 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ की ओर से राष्ट्रीय कर्मचारी रैली आयोजित की जाएगी। हरियाणा के दमकल कर्मचारी भी इस रैली में बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
फिलहाल कर्मचारियों ने सरकार को एक सप्ताह का समय दिया है। अब देखना होगा कि इस अवधि में उनकी लंबित मांगों को लेकर कितने सरकारी आदेश जारी होते हैं।