हरियाणा के बुजुर्गों को फ्री में सोमनाथ घुमाएगी सरकार: 8 जून को जाएगी स्पेशल ट्रेन, ऐसे बुक करें अपनी सीट

 

सिरसा। हरियाणा के बुजुर्गों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। अगर आप या आपके परिवार के बुजुर्ग सोमनाथ मंदिर के दर्शन करना चाहते हैं, तो अब आपको खर्च की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। हरियाणा सरकार 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के तहत बुजुर्गों को बिल्कुल मुफ्त में सोमनाथ के दर्शन करवाने जा रही है। इसके लिए आगामी 8 जून को कुरुक्षेत्र से एक स्पेशल ट्रेन सीधी सोमनाथ के लिए रवाना होगी, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस पूरी यात्रा में आने-जाने, खाने-पीने और रहने का सारा खर्च सरकार उठाएगी।

चूंकि यात्रा 8 जून को है, इसलिए सरकार ने रजिस्ट्रेशन के लिए 6 जून 2026 तक का समय दिया है। यह योजना पूरी तरह से 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर काम करेगी। यानी जो पहले अपना फॉर्म भरेगा, उसकी सीट पक्की हो जाएगी। सीट फुल होने के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा, इसलिए बिना देरी किए फॉर्म भरना जरूरी है। यह सुविधा 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत दी जा रही है।

इस मुफ्त यात्रा का फायदा हर कोई नहीं ले सकता, इसके लिए सरकार ने कुछ नियम तय किए हैं। सबसे पहली शर्त यह है कि यात्री हरियाणा का पक्का निवासी होना चाहिए और उसकी उम्र 60 साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए। इसके साथ ही, परिवार की सालाना आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम होनी चाहिए। यह आय आपकी फैमिली आईडी (परिवार पहचान पत्र) से वेरिफाई की जाएगी। एक परिवार तीन साल में केवल एक ही बार इस सरकारी योजना का फायदा उठा सकता है।

यात्रा पर जाने वाले बुजुर्गों का शारीरिक रूप से एकदम स्वस्थ होना बहुत जरूरी है। इसके लिए जब आप फॉर्म भरेंगे, तो आपको किसी भी सरकारी अस्पताल से अपना 'मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट' बनवाकर देना होगा। बिना डॉक्टर की फिटनेस रिपोर्ट के आपका फॉर्म रिजेक्ट कर दिया जाएगा।

पोर्टल पर ऐसे करें फ्री यात्रा के लिए आवेदन:

  1. सबसे पहले अपने मोबाइल या नजदीकी सीएससी (CSC) सेंटर पर जाकर सरकार के आधिकारिक पोर्टल saralharyana.gov.in को खोलें।
  2. पोर्टल पर अपनी फैमिली आईडी (PPP) डालकर लॉग-इन करें और 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के ऑप्शन पर क्लिक करें।
  3. फैमिली आईडी डालते ही परिवार के सभी सदस्यों की डिटेल आ जाएगी, उसमें से 60 साल से ऊपर वाले उस सदस्य का नाम चुनें जिसे यात्रा पर जाना है।
  4. इसके बाद मांगी गई जरूरी जानकारी भरें और अपना मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट पोर्टल पर स्कैन करके अपलोड करें।
  5. सबमिट करने के बाद एक रसीद जनरेट होगी, जिसका प्रिंट आउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें।