हरियाणा के पलवल और भिवानी जिले में खुलेगें नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, इन गांवों को मिलेगा लाभ
हरियाणा सरकार ने पलवल जिले के गांव अमरपुर और भिवानी जिले के गांव सूई में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की बिल्डिंग बनाने की मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने 28 अप्रैल 2026 को इस फैसले की जानकारी दी। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 905.68 लाख रुपए यानी करीब 9.05 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस घोषणा से इन गांवों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, पलवल जिले के अमरपुर में नई PHC बिल्डिंग मौजूदा केंद्र के ठीक पास 2 एकड़ जमीन पर तैयार की जाएगी, जिसके लिए 439.33 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं भिवानी जिले के गांव सूई में 466.35 लाख रुपए की लागत से नया PHC भवन बनेगा। दोनों जगह नई बिल्डिंग तैयार होने के बाद आसपास की आबादी को छोटी-मोटी बीमारियों के लिए जिला मुख्यालय या शहर के बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
हरियाणा सरकार पिछले कुछ महीनों से लगातार ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में जुटी है। अप्रैल 2026 की शुरुआत में राज्य के पांच जिलों — फतेहाबाद, हिसार, रोहतक, सोनीपत और सिरसा — में सात नए PHC बनाने के लिए 37.60 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई थी। इन केंद्रों का निर्माण पूरा होने में 18 से 24 महीने का समय लगने का अनुमान है। इसके अलावा जींद जिले के धतरथ गांव में नए PHC और नूंह के साकरस में उप स्वास्थ्य केंद्र को PHC में अपग्रेड करने की भी मंजूरी मिल चुकी है। अब पलवल और भिवानी को भी इस विस्तार का हिस्सा बनाया गया है।
ग्रामीणों और शहरी अस्पतालों दोनों को राहत
नई PHC बिल्डिंग तैयार होने के बाद अमरपुर और सूई के ग्रामीणों को प्राथमिक इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने स्पष्ट किया है कि इन केंद्रों के शुरू होने से एक साथ दो फायदे होंगे — गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर होगी और जिला स्तर के बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होगा। मंत्री ने यह भी बताया कि PHC और CHC स्तर पर डॉक्टरों व अन्य स्टाफ की तैनाती के साथ-साथ CT स्कैन, एक्स-रे और ब्लड टेस्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं भी दी जा रही हैं।