ईंधन संकट के बीच हरियाणा के लिए बड़ी खबर, 1.59 लाख BPL परिवारों को मिलेगा अतिरिक्त केरोसिन तेल

 

सिरसा (Chopta Plus): देश में मौजूदा ईंधन संकट के बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत अतिरिक्त सुपरियर केरोसिन ऑयल उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए हैं। वर्ष 2025-26 के लिए जारी इस आधिकारिक आदेश के तहत, केंद्र सरकार ने हरियाणा को 8.76 लाख अतिरिक्त केरोसिन तेल आवंटित किया है। इसी क्रम में पड़ोसी राज्य पंजाब को भी 11.76 लाख लीटर (1176 किलोलीटर) केरोसिन का आवंटन किया गया है।

हरियाणा में 1.59 लाख BPL परिवारों और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी प्राथमिकता

हरियाणा में केरोसिन वितरण के दौरान BPL (गरीबी रेखा से नीचे) कार्डधारक परिवारों को प्राथमिकता दी जा सकती है। वर्तमान में हरियाणा में करीब 1.59 लाख BPL परिवार हैं। केंद्र सरकार ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के परिवारों को प्राथमिकता देने की सलाह दी है। केरोसिन का वितरण उचित मूल्य की दुकानों (राशन डिपो) या तेल विपणन कंपनियों के रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से किया जा सकेगा। वितरण की पात्रता तय करने का अधिकार सरकार के पास होगा।

पेट्रोल-डीजल में मिलावट पर सख्त रोक, केवल खाना पकाने और रोशनी के लिए होगा इस्तेमाल

केंद्र सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस आवंटित केरोसिन का उपयोग केवल खाना बनाने और रोशनी करने के लिए ही किया जाएगा। राज्य सरकारों को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि केरोसिन का इस्तेमाल पेट्रोल या डीजल में मिलावट करने या किसी अन्य गलत उद्देश्य के लिए न किया जाए।

डबवाली साइबर सेल की बड़ी कामयाबी: 20 लोगों को लौटाए उनके खोए हुए मोबाइल फोन

45 दिन के भीतर उठाना होगा आवंटित कोटा, कीमतों में नहीं हुआ कोई बदलाव

पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, राज्यों को आवंटित केरोसिन की पूरी मात्रा 45 दिनों के भीतर उठानी होगी। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर उठान नहीं होता है, तो शेष मात्रा को सुरक्षित नहीं रखा जाएगा और वह लैप्स हो जाएगी। राहत की बात यह है कि केरोसिन की वर्तमान कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।