हरियाणा मौसम: नौतपा के बीच हरियाणा में बारिश को लेकर अच्छी खबर, जाने जिलेवार मौसम अपडेट
चंडीगढ़। हरियाणा में नौतपा शुरू होने के साथ ही भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश में 26 और 27 मई के लिए 'सीवियर हीटवेव' (भीषण लू) का अलर्ट जारी किया है। दिन के समय झुलसाने वाली तेज हवाएं चलेंगी और अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 28 मई से मौसम करवट लेगा और प्रदेशवासियों को इस प्रचंड गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
चंडीगढ़ मौसम केंद्र (IMD) द्वारा 26 मई की सुबह जारी किए गए न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद यह राज्य में सामान्य के ही करीब बना हुआ है। पूरे प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है, जिससे वातावरण में शुष्कता बनी हुई है।
जिलेवार सुबह के मौसम की बात करें तो रोहतक की सुबह प्रदेश में सबसे राहत भरी रही, जहां न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गुरुग्राम में भी न्यूनतम तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट के साथ यह 24.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। इसके अलावा हिसार में 24.6 डिग्री और करनाल में 24.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
दूसरी तरफ, प्रदेश के कई जिले रात और सुबह के समय भी काफी गर्म बने हुए हैं। भिवानी में राज्य का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के अन्य जिलों का हाल भी कुछ ऐसा ही है, जहां नारनौल में न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री और सिरसा में 29.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो साफ दर्शाता है कि यहां रातें भी काफी गर्म हो रही हैं।
हरियाणा में कच्चे कर्मचारियों की मौज, पार्ट-टाइम कर्मियों को मिलेगी 3 लाख की अनुग्रह सहायता
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गर्मी से जूझ रहे लोगों को बस दो दिन और इंतजार करना होगा। 28 मई से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 28 और 29 मई को हरियाणा के कई हिस्सों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी।