हिसार के बालसमंद सब ब्रांच पर आरसीसी पुल को मिली मंजूरी, 7.62 करोड़ का आएगा खर्च
हिसार: बालसमंद सब ब्रांच पर बनाए जाने वाले नए आरसीसी (कंक्रीट) पुल के निर्माण को सरकार ने अपनी हरी झंडी दे दी है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 7.62 करोड़ रुपये का खर्च आएगा, इसकी जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि पुल के बनने से हिसार के दक्षिणी बाईपास पर लगने वाले भारी जाम से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को हमेशा के लिए छुटकारा मिल जाएगा।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि लंबे समय से यहां पर यातायात का भारी दबाव था, जिसे कम करना बेहद जरूरी था। नया पुल चालू होने से आसपास के गांवों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों का सफर बेहद आसान हो जाएगा। उन्होंने खास तौर पर जोर देकर कहा कि रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चों और आम नागरिकों को अब एक सुरक्षित और सीधा रास्ता मिल सकेगा।
क्षेत्र की सड़कों और रास्तों को बेहतर बनाने के लिए सरकार से इस पुल की मांग की गई थी। अब चूंकि सरकार की तरफ से बजट और प्रोजेक्ट को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है, इसलिए विभाग की कागजी औपचारिकताएं पूरी होते ही मौके पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।