युवा ग्राम पंचायत में छात्रों ने खेल स्टेडियम बनवाने व स्ट्रीट लाइट जैसी समस्या को रखा

जोधकां व शेरपुरा में हुई खंड स्तरीय युवा ग्राम पंचायत
 
यह प्रतियोगिता 26 नवंबर से 1 दिसंबर तक जिला के 26 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयो में आयोजित की जाएगी।

नाथुसरी चोपटा खंड के गांव जोधकां व शेरपुरा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयो मे वीरवार को खंड स्तरीय युवा ग्राम पंचायत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता जनसंख्या शिक्षा प्रकोष्ठ, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम के सौजन्य से  आयोजित की जा रही है।


इस प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं व 11वीं के लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों ने गांव से जुड़े विभिन्न मुद्दों जैसे हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया के नाम से गांव में खेल स्टेडियम बनवाने, गांव के विद्यालय में नए कमरे बनवाने, गांव की गलियां पक्की करवानी, सफाई व्यवस्था, नालियों में गंदगी, गांव की गलियों मे बिजली आपूर्ति तथा गांव में पटवारी की स्थाई रूप से व्यवस्था करना, गांव के जोहड की चारदीवारी की मरमत करवाना  जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

ग्राम सभा में सभी मुद्दों पर चर्चा के बाद आम सहमति से निर्णय लिए गए। प्रतियोगिता की तैयारी राजनीति शास्त्र प्राध्यापक सुभाष पारीक, देशराज माचरा, के मार्गदर्शन में की गई। डीआरयू प्रभारी डॉ. अनिल बिश्नोई ने बताया कि यह प्रतियोगिता 26 नवंबर से 1 दिसंबर तक जिला के 26 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयो में आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संचार कौशल, नेतृत्वक्षमता,सामाजिक-भावनात्मक टीमवर्क, समालोचनात्मक चिंतन, सहानुभूति, बुद्धिमत्ता और समस्या समाधान कौशल को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में छात्रा कशिश ने सरपंच की भूमिका निभाई, जबकि मनीषा ने ग्राम सचिव की भूमिका अदा की। निर्णायक मंडल में राजनीतिक विज्ञान के प्रवक्ता जगदीश बराच व सुरेश शर्मा शामिल रहे।

प्रवक्ता जगदीश बराच ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता बढ़ती है।व उनका बौद्धिक विकास होता है।इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य मूलचंद बासल, प्रवक्ता संदीप कुमार,दीपक कुमार,उमाशंकर, रिचा कंबोज, मुकेश कुमार, कुलदीप कुमार सहित सभी समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहे।