जींद: बस रुकवाने को लेकर छात्रा और रोडवेज इंस्पेक्टर में तीखी बहस, FIR की धमकी के बाद DI पर गिरी गाज
जींद। जिले के गांव गंगोली में पंचायत घर के पास रोडवेज बस रुकवाने की मांग को लेकर एक छात्रा और जींद डिपो के ड्यूटी इंस्पेक्टर (डीआई) आजाद सिंह के बीच हुई तीखी बहस का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस बातचीत में ड्यूटी इंस्पेक्टर छात्रा को बस सेवा बंद करने और पुलिस में एफआईआर (FIR) दर्ज करवाने की धमकी देते सुनाई दे रहे हैं। विवाद बढ़ने और रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद रोडवेज प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए डीआई आजाद सिंह की ड्यूटी बदल दी है।
वायरल रिकॉर्डिंग में छात्रा डीआई से शिकायत कर रही है कि उनके गांव गंगोली में पंचायत घर वाले अड्डे पर बस नहीं रुकती, जबकि गांव के अन्य हिस्सों में बस को रोका जाता है। इस पर डीआई आजाद सिंह ने कहा कि पंचायत घर के पास बस का कोई तय स्टॉप नहीं है। जब छात्रा ने सुबह चंडीगढ़ जाने वाली बस के वहां रुकने और सवारियां बैठाने का हवाला दिया, तो ड्यूटी इंस्पेक्टर भड़क गए। उन्होंने छात्रा से उसके पिता और दादा का नाम पूछा और कहा कि अगर ज्यादा बहस की तो वह इस रूट पर बस ही बंद करवा देंगे।
बातचीत के दौरान जब छात्रा ने अपने अधिकारों की बात की और पंचायत घर पर बस रोकने की जिद की, तो डीआई ने उसे सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज करवाने की धमकी दे डाली। उन्होंने कहा कि वह ड्राइवर और कंडक्टर के जरिए उसके नाम की शिकायत पुलिस थाने में दे देंगे, जिसके बाद पुलिस उसके घर के चक्कर काटेगी। छात्रा ने भी जवाब देते हुए कहा कि उसने कोई सरकारी काम नहीं रोका है, वह सिर्फ अपने अड्डे पर बस रुकवाने की जायज मांग कर रही है।
इस पूरी बहस का वीडियो और ऑडियो वायरल होने के बाद रोडवेज विभाग हरकत में आया। जींद रोडवेज के महाप्रबंधक (जीएम) राहुल जैन ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया और डीआई आजाद सिंह को उनके पद से हटाकर फ्लाइंग शाखा (उड़नदस्ता) में भेज दिया है। उनकी जगह अब कप्तान सिंह को नया ड्यूटी इंस्पेक्टर लगाया गया है। जीएम ने बताया कि विभाग की तरफ से सभी ड्राइवरों और कंडक्टरों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने तय स्टॉपेज पर बसें रोकें, ताकि किसी भी छात्रा, महिला या आम यात्री को सफर में कोई परेशानी न उठानी पड़े।