नूंहः निकाह बार-बार नहीं होता, दूल्हे की इसी जिद ने 4 थार गाड़ी चालकों को पहुंचा दिया थाने

 

नूंह। जिले में अपनी शादी के जश्न में थार गाड़ियों पर खतरनाक स्टंट करना एक दूल्हे और उसके दोस्तों को भारी पड़ गया। बारात के दौरान 'निकाह बार-बार नहीं होता' कहकर छतों पर हुड़दंग मचाने वाले दूल्हे और चार थार चालकों के खिलाफ नगीना थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया है।

वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्यवाही

जानकारी के मुताबिक, 7 जून को नगीना थाने के सब-इंस्पेक्टर यशपाल मांडीखेड़ा गांव में गस्त पर थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक वीडियो क्लिप आई। वीडियो में कुछ युवक तेज रफ्तार थार गाड़ियों की छतों पर खड़े और बैठे हुए हैं। जांच में पता चला कि यह वीडियो नाई नंगला गांव के रहने वाले आकिब (पुत्र उमर मोहम्मद) की बारात का है, जो चंदेनी गांव जा रही थी। वाहन चालकों की इस लापरवाही से सड़क पर चल रहे आम लोगों और स्टंट कर रहे युवकों की जान को सीधा खतरा था।

वायरल वीडियो की पहचान होते ही पुलिस टीम तुरंत नाई नंगला गांव पहुंची, लेकिन तब तक बारात वहां से चंदेनी के लिए निकल चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि दूल्हे आकिब ने ही यह बात कही थी कि 'थार गाड़ियों की छतों पर चढ़कर जाना है, निकाह बार-बार नहीं होता।' पहली नजर में इसे सीधा अपराध मानते हुए पुलिस ने दूल्हे आकिब और वीडियो में दिख रही चार थार गाड़ियों के चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

शादी में हुड़दंगबाजों पर पुलिस का लगातार दूसरा एक्शन

नूंह पुलिस अब शादी-समारोहों में सड़क सुरक्षा नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ एक्शन मोड में है। तावडू सदर थाना क्षेत्र के बाद नूंह में यह इस तरह की लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इस एफआईआर के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जश्न के नाम पर सड़क पर हुड़दंगबाजी और खतरनाक स्टंट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस ने साफ किया है कि लोग यातायात नियमों का पालन करें, वरना उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।