शनिवार को रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और शनैश्चरी अमावस्या 2025: जानिए शुभ योग और पूजन महत्व

 

हरियाणा के सिरसा सहित पूरे देश में इस अगस्त माह का हर शनिवार विशेष महत्व लेकर आ रहा है। इस बार भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन, भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी, और शनि देव की पूजा का विशेष दिन शनैश्चरी अमावस्या – ये तीनों पर्व शनिवार को पड़ रहे हैं, जो एक दुर्लभ और शुभ संयोग माना जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जब पर्व शनिवार को आते हैं तो उनका आध्यात्मिक और ज्योतिषीय प्रभाव और अधिक गहरा होता है।

 

 

रक्षाबंधन: 9 अगस्त को भाई-बहन का पवित्र बंधन


इस बार रक्षाबंधन का पर्व शनिवार, 9 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन श्री शनिधाम मंदिर के पुजारी आनंद भार्गव के अनुसार, शनिवार को रक्षाबंधन आने से इसका महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि बहनें इस दिन एक रक्षा सूत्र भगवान शनिदेव को भी अर्पित करें, जिससे घर में शांति और भाई के जीवन में सुख समृद्धि बनी रहे।

16 अगस्त को जन्माष्टमी: कृष्ण जन्म का पर्व भी शनिवार को


16 अगस्त, शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। यह दिन आध्यात्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत शुभ माना जा रहा है क्योंकि शनिवार को जन्म लेने वाले भगवान कृष्ण को न्यायप्रिय और कर्मयोगी बताया गया है। इस दिन मंदिरों में विशेष सजावट, झांकियां और रात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आयोजन होंगे। श्रद्धालु उपवास रखकर रात्रि 12 बजे भगवान का जन्मोत्सव मनाएंगे।

शनैश्चरी अमावस्या: 23 अगस्त को बरसेगी शनि की कृपा


अगस्त माह का तीसरा शनिवार यानी 23 अगस्त को शनैश्चरी अमावस्या पड़ रही है। यह दिन भगवान शनिदेव की विशेष उपासना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुजारी आनंद भार्गव के अनुसार, यह अमावस्या उन लोगों के लिए विशेष फलदायक होती है जिनकी कुंडली में शनि संबंधित दोष हैं जैसे साढ़ेसाती, ढैय्या या शनि की अशुभ दृष्टि। इस दिन शनि अराधना, तेल अभिषेक, दान-पुण्य और उपवास करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है।

नोहरिया बाजार स्थित शनिधाम मंदिर में इस अवसर पर विशेष आयोजन होंगे जिसमें तेल अभिषेक, भंडारा और रात्रि जागरण शामिल हैं। जागरण में सिरसा की प्रसिद्ध भजन गायिका प्रतिष्ठा शर्मा भजनों के माध्यम से शनि देव की महिमा का गुणगान करेंगी।

धार्मिक दृष्टिकोण से विशेष महत्व


तीनों प्रमुख पर्वों का शनिवार को आना इस बार के अगस्त माह को और अधिक धार्मिक व ज्योतिषीय रूप से शक्तिशाली बना रहा है। रक्षाबंधन पर शनिदेव को राखी अर्पण करने, जन्माष्टमी पर कृष्ण की आराधना, और शनैश्चरी अमावस्या पर शनि उपासना – यह संयोग श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत कल्याणकारी साबित हो सकता है।