हरियाणा की इस मशहूर कंपनी के MD सहित 12 पर FIR, वजह हैरान करने वाली
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया सिटी थाने में तेलंगाना (हैदराबाद) स्थित पेस्टीसाइड कंपनी नागार्जुन एनएसीएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड (NACL) के एमडी और डायरेक्टर सहित 12 अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का बड़ा मामला दर्ज किया गया है। रतिया निवासी डीलर जसबीर सिंह की शिकायत और एएसपी (ASP) कार्यालय रतिया की जांच के बाद पुलिस ने यह सख्त कार्रवाई की है।
कैसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम?
पुलिस को दी गई शिकायत और जांच के अनुसार, आरोपियों पर रतिया के डीलर जसबीर सिंह की फर्जी ईमेल आईडी (Email ID) बनाने और उसका अवैध रूप से इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप है। आरोपियों ने एक पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत शिकायतकर्ता की फर्म के नाम पर फर्जी बिल जारी किए, लेकिन बिलों का माल उसे नहीं भेजा गया। इसके बजाय, जाली मोहरों (स्टाम्प) और फर्जी हस्ताक्षरों वाले बिलों का इस्तेमाल कर वह माल अन्य दुकानदारों को बेच दिया गया।
हरियाणा कर्मचारियों पेंशनभोगियों को झटका, सरकार ने इन बड़ी सुविधाओं को बंद करने का किया ऐलान
इन 12 बड़े अधिकारियों और कर्मचारियों पर गिरी गाज
सिटी थाना रतिया पुलिस ने साठ-गांठ कर धोखाधड़ी करने के आरोप में आईपीसी (IPC) की धारा 409, 420, 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज कर लिया है। जिन 12 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है, उनमें कंपनी के एमडी पवन कुमार, डायरेक्टर व चेयरपर्सन लक्ष्मी राज, एनएसएम (NSM) वीएन राजू, वीपी (VP) कानन उपाध्याय, एजीएम (AGM) रघुचिंद्र उर्फ रघु, सुशील शर्मा, डॉ. गजेंद्र सिंह, डॉ. योगेश प्रताप सिंह, डिपो इंचार्ज सुखविंद्र सिंह, टीएम (TM) मनोज कुमार, किरन कैन्डे और जोनल मैनेजर कपिल बालयान शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, पीड़ित डीलर इन्हीं अधिकारियों के मार्फत कंपनी से पेस्टीसाइड खरीदता था और आगे रिटेल में बेचता था।