रतिया में चालान को लेकर पुलिस और पब्लिक में विवाद, हरियाणा-पंजाब स्टेट हाईवे किया जाम
रतिया। फतेहाबाद रोड पर बोला पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह ट्रैफिक पुलिस की चालान कार्रवाई पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। चालान से नाराज वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाते हुए हरियाणा-पंजाब स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे के कारण हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और तेज गर्मी में राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रैक्टर पर स्पीकर का चालान कटने से भड़के लोग
रविवार सुबह ट्रैफिक पुलिस की टीम ध्वनि प्रदूषण, अधूरे कागजात और तेज आवाज वाले साइलेंसर के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ट्रैक्टर पर स्पीकर लगे होने के कारण उसका चालान काट दिया। इस कार्रवाई से आसपास के लोग और अन्य वाहन चालक भड़क गए। देखते ही देखते भारी भीड़ हाईवे पर जमा हो गई और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
पुलिस पर लगे जानबूझकर परेशान करने के आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि ट्रैफिक पुलिस पिछले कई दिनों से शहर में अलग-अलग जगह नाके लगाकर आम जनता को तंग कर रही है। ट्रैक्टर के चालान की बात फैलते ही किसान भी मौके पर पहुंच गए। किसान नेता राजविंद्र चहल और पार्षद गुरप्रीत गोपी ने आरोप लगाया कि पुलिस लोगों को जागरूक करने की बजाय सीधा भारी भरकम जुर्माना थोप रही है। मौके पर पहुंचे बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष दविंद्र ग्रोवर ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियम लागू करने का तरीका निष्पक्ष और सही होना चाहिए।
थाना प्रभारियों के भरोसे के बाद खुला हाईवे
स्टेट हाईवे पर भारी जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी प्रह्लाद राय और कार्यवाहक शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और किसानों को समझाया। उन्होंने भरोसा दिया कि किसी भी वाहन चालक को बिना वजह परेशान नहीं किया जाएगा और चालान की कार्रवाई सही तरीके से होगी। अधिकारियों के इस भरोसे के बाद लोगों ने हाईवे से जाम हटा लिया और वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो सकी।