21 लाख रुपये लौटाए, बोले- दुल्हन ही दहेज है, बीईओ सतबीर ढिढारिया की पहल की हो रही सराहना

बेटे की शादी में 21 लाख रुपये लौटाकर बीईओ सतबीर ढिढारिया ने पेश की मिसाल, शगुन में लिए सिर्फ 101 रुपये और नारियल

 

दुल्हन ही दहेज है

नाथुसरी चोपटा (सिरसा) नरेश कुमार । (23 नवंबर 2026)  हरियाणा व राजस्थान में दहेज प्रथा को बंद करने के लिए एक मुहिम चली हुई है। जिसमें शिक्षित लोग दहेज जैसी कुप्रथाओं को खत्म करने में अपना पूरा सहयोग कर रहे हैं।

इसी कड़ी में सामाजिक सरोकारों और सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक अनुकरणीय पहल करते हुए  खंड शिक्षा अधिकारी नाथुसरी चोपटा बीईओ सतबीर ढिढारिया ने अपने बेटे आकाश की शादी में एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है। उन्होंने विवाह समारोह में दान स्वरूप भेंट की गई  21 लाख रुपये की राशि लेने से विनम्रतापूर्वक इनकार कर दिया और परंपरा एवं स्नेह के प्रतीक स्वरूप केवल 101 रुपये ही स्वीकार किए।

एक सराहनीय प्रयास

सतबीर ढिढारिया ने अपने इस निर्णय के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया कि विवाह जैसे मांगलिक अवसरों पर रिश्तों की मिठास, आपसी प्रेम, आशीर्वाद और सामाजिक सम्मान का महत्व धनराशि से कहीं अधिक है। उनका यह कदम अनावश्यक आर्थिक लेन-देन और दिखावे की परंपरा को कम करने तथा सादगीपूर्ण एवं संस्कारयुक्त विवाह को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

बेटा व पुत्र वधु दोनों नौकरी में 

आकाश एक प्रतिष्ठित मल्टीनेशनल कंपनी के हेड ऑफिस में कार्यरत हैं। उन्होंने दिल्ली से एमबीए की शिक्षा प्राप्त की है। उनका विवाह मीनल पुत्री  धर्मपाल कस्वां गांव उमेदपुरा के साथ संपन्न हुआ, जो नई दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में गृह मंत्रालय में अवर अनुभाग अधिकारी सेक्शन आफिसर  के पद पर कार्यरत हैं। दोनों ही उच्च शिक्षित एवं प्रतिष्ठित कार्यक्षेत्र से जुड़े हैं।

गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं

विवाह समारोह में अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। खास बात यह रही की इस शादी समारोह में कांता चौटाला, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, डॉ. केवी सिंह, विधायक भरत सिंह बैनीवाल , श्रीमती दीपिका चौधरी एवं सीईओ गुरुग्राम मैट्रोपोलिटन सीटी बस लिमिटेड आईएएस विश्वजीत चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सरपंच संतोष बेनीवाल, प्रदीप राजू सरिया, संदीप नेहरा, एक्सईएन  सीडीएलयू सुरेंद्र नूईयां, डॉ वाईके चौधरी , जयप्रकाश हुड्डा, जेसीडी के डायरेक्टर, रोहतास हुड्डा, जिला शिक्षा अधिकारी  सुभाष फुटेला उप जिला शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार एवं  विजय सचदेवा,  विकास सेतिया सचिन मार्केट कमेटी सिरसा सहित अनेक गणमान्यों व्यक्तियों ने शिरकत की। बीईओ सतबीर ढिढारिया ने कहा कि दुल्हन ही दहेज है। 

एक सामाजिक संदेश

बीईओ सतबीर ढिढारिया की इस पहल ने विवाह समारोह को केवल पारिवारिक उत्सव तक सीमित न रखकर एक सामाजिक संदेश का माध्यम बना दिया। 21 लाख रुपये लौटाकर केवल 101 रुपये स्वीकार करना इस बात का प्रतीक है कि समाज में बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी होती है . उनकी यह पहल निश्चित रूप से उन परिवारों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो विवाह में धन के प्रदर्शन के बजाय संस्कार, सम्मान, समानता और पारिवारिक खुशियों को प्राथमिकता देना चाहते हैं।

फोटो। बेटे की शादी में शगुन का 101 रुपया व नारियल स्वीकार करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर ढिढारिया, नव विवाहिता जोड़ा