रेवाड़ी हाईटेक जेल अधीक्षक सुरेंद्र दलाल सस्पेंड, 25 फीट की दीवार फांदकर भागे थे कैदी
रेवाड़ी। हरियाणा की रेवाड़ी हाईटेक जेल से दो कैदियों के भागने के मामले में जेल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में भारी लापरवाही बरतने के आरोप में जेल अधीक्षक (सुपरिंटेंडेंट) सुरेंद्र दलाल को सस्पेंड कर दिया गया है। 28 मार्च को सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर दो कैदी 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग गए थे। इस घटना ने करोड़ों रुपये की लागत से बनी इस नई और आधुनिक जेल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी थी, जिसके बाद से ही उच्च अधिकारियों की जांच चल रही थी।
यह घटना उस समय हुई थी जब जेल अधीक्षक सुरेंद्र दलाल छुट्टी पर थे। विभागीय जांच में सामने आया है कि उनकी गैरमौजूदगी में जेल के अंदर सुरक्षा को लेकर बड़ी प्रशासनिक चूक हुई। आला अधिकारियों ने पूरी जांच रिपोर्ट की बारीकी से समीक्षा की और इस कोताही के लिए सीधे तौर पर अधीक्षक को जिम्मेदार मानते हुए उनके निलंबन का आदेश जारी कर दिया। अब रेवाड़ी जेल की कमान नए अधीक्षक रेशम सिंह को सौंपी गई है, जिन्होंने अपना चार्ज संभालते ही जेल की सुरक्षा का कड़ा रिव्यू शुरू कर दिया है।
कैदियों के फरार होने के तुरंत बाद जेल विभाग ने तुरंत एक्शन लेते हुए मौके पर तैनात 7 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया था। इनमें पांच हेड वार्डर और दो वार्डर शामिल थे। उसी वक्त विभाग ने यह तय कर दिया था कि इस पूरे मामले में जेल अधीक्षक की भूमिका की भी अलग से जांच की जाएगी और कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से जेल से भागे दोनों कैदियों को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन इस घटना ने पूरी जेल प्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए थे।
हरियाणा में 1000 नई इलेक्ट्रिक गाड़ियों को मिली हरी झंडी, EV खरीदने पर 15% सब्सिडी
गौरतलब है कि रेवाड़ी की इस जिला जेल को आधुनिक सुख-सुविधाओं और कड़ी सुरक्षा प्रणाली के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पिछले साल जून 2025 में ही इस हाईटेक जेल का उद्घाटन किया था। इसका मकसद आधुनिक तकनीक के जरिए अपराध और अपराधियों पर लगाम कसना था। इतनी नई और सुरक्षित मानी जाने वाली जेल से कैदियों का भाग जाना प्रशासन के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं था। घटना के बाद से ही जेल के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कड़ी करने और नई तकनीक का सही इस्तेमाल करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।