हरियाणा के सिरसा में BJP का बड़ा कदम, सभी 12 मंडलों में शुरू हुआ 'प्रशिक्षण महाअभियान', जानिए क्या है पार्टी का नया प्लान?
हरियाणा/सिरसा 12 मार्च। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अगले चरण के अंतर्गत मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का शुभारंभ हो गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठनात्मक रूप से सिरसा जिले के सभी 12 मंडलों के कार्यकतार्ओं के प्रशिक्षण के लिए इसी सप्ताह से प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी कार्यकर्ताओं तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। एडवोकेट यतीन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के महत्व को भली-भांति समझती है। पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को अपनी सबसे बड़ी पूंजी मानती है और यही कारण है कि समय-समय पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित कर कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा अपने कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त और संगठनात्मक रूप से सक्षम बनाने के लिए निरंतर प्रयास करती रही है। इन प्रशिक्षण वर्गों में कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और कार्यशैली के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाती है, ताकि वे समाज के बीच जाकर जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें। एडवोकेट यतीन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशन में पार्टी देशभर में संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा में भी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली के नेतृत्व में संगठन को निरंतर नई ऊर्जा मिल रही है और कार्यकर्ताओं के माध्यम से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग के लिए चयनित सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें और पूरे मनोयोग के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और समाज के बीच पार्टी की नीतियों व जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकते हैं।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 की शुरूआत पूरे देश में की गई है। इस महाअभियान के अंतर्गत राज्य और जिला स्तर के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब मंडल तथा बूथ स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यों में और अधिक दक्ष बनाया जा सके।